उदयपुर डांस फेस्टिवल के तहत निःशुल्क पंजाबी डांस वर्कशॉप आयोजित, प्रतिभागियों ने सीखी नई तकनीकें

( 688 बार पढ़ी गयी)
Published on : 28 Jun, 26 16:06

युवा प्रतिभाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह, 12 जुलाई को होगा उदयपुर डांस फेस्टिवल 2026 का भव्य आयोजन

उदयपुर डांस फेस्टिवल के तहत निःशुल्क पंजाबी डांस वर्कशॉप आयोजित, प्रतिभागियों ने सीखी नई तकनीकें

उदयपुर। कथक आश्रम संस्थान एवं एम स्क्वेयर प्रोडक्शन एंड इवेंट्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित उदयपुर डांस फेस्टिवल 2026 के अंतर्गत निःशुल्क पंजाबी डांस वर्कशॉप का सफल आयोजन मधुश्री बैंक्वेट हॉल में किया गया। वर्कशॉप में शहर के बच्चों, युवाओं एवं नृत्य प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पंजाबी डांस की नई तकनीकों एवं शैलियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

एम स्क्वेयर प्रोडक्शन एंड इवेंट्स के सीईओ मुकेश माधवानी ने बताया कि आरबी डांस स्टूडियो के डायरेक्टर एवं कोरियोग्राफर राजीव बामना द्वारा संचालित इस विशेष वर्कशॉप में फुलका, फसलां सहित पंजाबी लोक नृत्य की विभिन्न शैलियों एवं तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ पंजाबी संस्कृति की बारीकियों को सीखा और अपनी प्रस्तुति से सभी को प्रभावित किया।

कथक आश्रम संस्थान की संस्थापिका चंद्रकला चौधरी ने बताया कि उदयपुर डांस फेस्टिवल 2026 का मुख्य आयोजन आगामी 12 जुलाई को होगा, जिसमें देश-विदेश के प्रतिभाशाली नृत्य कलाकार एवं प्रतियोगी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि फेस्टिवल का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा भारतीय नृत्य एवं संस्कृति को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में विपुल श्रीवास्तव, साभी तलरेचा, छवि तलनेजा सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया।

वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त ऊर्जा, उत्साह और सीखने की ललक देखने को मिली। सभी प्रतिभागियों ने आयोजन को प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव बताया।

उल्लेखनीय है कि उदयपुर डांस फेस्टिवल 2026 के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न नृत्य कार्यशालाओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.