सेवा ही सच्ची सफलता का आधारःरोटरी क्लब उदयपुर के आभार समारोह में 40 सेवा सहयोगियों का सम्मान

( 508 बार पढ़ी गयी)
Published on : 29 Jun, 26 15:06

सेवा ही सच्ची सफलता का आधारःरोटरी क्लब उदयपुर के आभार समारोह में 40 सेवा सहयोगियों का सम्मान

उदयपुर। रोटरी क्लब उदयपुर के वर्ष 2025-26 के सफल कार्यकाल के समापन अवसर पर आयोजित आभार एवं प्रदर्शन समारोह सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक उत्सव बन गया। रोटरी बजाज भवन में आयोजित समारोह में वर्षभर क्लब की विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहयोग देने वाले 40 से अधिक सेवा सहयोगियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि जनार्दनराय नागर राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत थे, जबकि पूर्व प्रांतपाल निर्मल सिंघवी एवं डॉ. निर्मल कुणावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में क्लब अध्यक्ष दीपक मेहता एवं सचिव विनीत दमानी के नेतृत्व में किए गए सेवा कार्यों का भी विशेष उल्लेख किया गया।
मुख्य अतिथि प्रो. सारंगदेवोत ने कहा कि समाज में वही व्यक्ति वास्तविक परिवर्तन ला सकता है, जिसके भीतर संवेदनशीलता और दूसरों के लिए कुछ करने की ललक हो। उन्होंने कहा कि सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों से नहीं, बल्कि समाज के लिए किए गए कार्यों से मापी जानी चाहिए। रोटरी ने जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर मानवता की सेवा का जो आदर्श प्रस्तुत किया है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सेवा का भाव ही व्यक्ति को समाज से जोड़ता है और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका को सार्थक बनाता है।
पूर्व प्रांतपाल निर्मल सिंघवी ने रोटरी की वैश्विक पहचान और उसके सेवा मिशन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रोटरी आज दुनिया के सबसे बड़े सेवा संगठनों में शामिल है। शिक्षा, स्वास्थय, पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और पोलियो उन्मूलन जैसे क्षेत्रों में रोटरी के कार्य मानव कल्याण के लिए मिसाल बने हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी वैश्विक बदलाव की मजबूत नींव बनते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. निर्मल कुणावत ने कहा कि सेवा केवल दान देने का नाम नहीं, बल्कि समाज की जरूरतों को समझकर उनके समाधान के लिए सामूहिक रूप से कार्य करना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक बदलाव किसी एक व्यक्ति के प्रयास से नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता और समर्पण से संभव होता है। रोटरी इसी भावना को सशक्त रूप से आगे बढ़ा रही है।
क्लब अध्यक्ष दीपक मेहता ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि अध्यक्ष पद उनके लिए सम्मान से अधिक एक जिम्मेदारी और सेवा का संकल्प था। उन्होंने बताया कि पूरे वर्ष शिक्षा, साइबर अपराध जागरूकता, साक्षरता, स्वास्थय और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक प्रकल्पों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि चुनौतियां हर कार्य में आती हैं, लेकिन वही चुनौतियां हमें और अधिक मजबूत बनाती हैं। रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का एक विचार और जीवन दर्शन है।
समारोह में अनिल छाजेड़, महेंद्र टाया, नक्षत्र तलेसरा, संजय अग्रवाल, लक्ष्मणसिंह कर्णावट, सतीशचंद्र जैन, सुरेंद्र जैन, अंबालाल बोहरा, डॉ. अनिल कोठारी, सज्जन सेठ, सुनील गांग, नितिन कोठारी, श्रीचंद खथुरिया,उमेश नागौरी, गजेंद्र जोधावत, एम.एस. खमसेरा, अंशुल मोगरा, आलोक पगारिया, दिनेश गोठवाल, अशरफ, संदीप चंडालिया सहित 40 से अधिक सेवा सहयोगियों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर क्लब की ओर से अध्यक्ष दीपक मेहता एवं सचिव विनीत दमानी को पगड़ी, उपरणा और अभिनंदन पत्र भेंट कर उनके उत्कृष्ट नेतृत्व एवं सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. सारंगदेवोत को स्मृतिचिह्न प्रदान किया गया। संचालन आलोक पगारिया ने किया तथा आभार सचिव विनीत दमानी ने व्यक्त किया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.