जैसलमेर । शिक्षा के क्षेत्र में समाज की भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में सोमवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हड्डा में 30वें जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल रही, जबकि अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) दीनाराम सुथार ने की।
समारोह के दौरान सुजलॉन फाउंडेशन के वरिष्ठ प्रबंधक एवं भामाशाह किशनलाल जाखड़ द्वारा विद्यालय को 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर सिस्टम, फर्नीचर तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक सामग्री भेंट की गई। इस सहयोग से विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन को भी नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने भामाशाह किशनलाल जाखड़ को प्रशंसा-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है और भामाशाहों का सहयोग विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अमूल्य योगदान देता है। उन्होंने ग्रामीणों से विद्यालयों के सर्वांगीण विकास में अधिकाधिक सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनभागीदारी से शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बन सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी दीनाराम सुथार ने भामाशाहों के योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग से विद्यालयों में संसाधनों का विस्तार होता है एवं विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध हो पाती हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हरिप्रसाद गर्ग ने मंच संचालन करते हुए सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास में जनसहयोग सदैव महत्वपूर्ण रहा है और भविष्य में भी इसी प्रकार का सहयोग मिलता रहेगा, ऐसी अपेक्षा है।
समारोह में जितेंद्र सिंह, प्रतापाराम, रामरतन शर्मा, राजेश कुमार, डूँगर सिंह, बिलाल खान, मालाराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।