जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक

( 271 बार पढ़ी गयी)
Published on : 29 Jun, 26 16:06

जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक

उदयपुर। जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में आयोजित हुई। एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए झीलों की नगरी उदयपुर में पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर बनाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रारंभ में संयुक्त निदेशक पर्यटन सुमिता सरोच ने सभी का स्वागत किया। उपनिदेशक एवं समिति की सदस्य सचिव शिखा सक्सेना ने गत बैठक कार्यवाही विवरण प्रस्तुत किया। एडीएम श्री ओझा ने बिन्दूवार पालना रिपोर्ट की समीक्षा की। इसमें बताया कि  ओल्ड सिटी एरिया में नगर निगम की ओर से पुनः हेरिटेज वाॅक प्रारंभ कराई जा रही है। इसके लिए टेण्डर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा वर्क ऑर्डर जल्द जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही  हेरिटेज वाॅक प्रारंभ हो जाएगी। इससे  बाहर से आने वाले पर्यटकों को उदयपुर की ऐतिहासिक विरासतों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। बैठक में प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पार्किंग व्यवस्था, सुलभ शौचालय,  पर्यटकों की सुरक्षा के लिए अपेक्षित बंदोबस्त आदि पर भी चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को  निर्देशित किया गया। एडीएम श्री ओझा ने गत बैठक में हुए निर्णय की पालना में आगामी एक माह में अपेक्षित स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक संकेतक एवं सूचना पट्ट लगवाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में सीईओ जिला परिषद विरमाराम, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, होटल एसोसिएशन, गाइड एसोसिएशन एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर पर्यटन सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।

जांच के निर्देश
बैठक में सदस्यों ने मांझी मंदिर में पर्यटकों से फोटोग्राफी के लिए वसूली किए जाने की शिकायत की। वहीं नागदा स्थित सहस्त्रबाहु मंदिर में प्री वेडिंग शूट करने वालों की ओर से आम पर्यटकों को परेशान किए जाने, ऐतिहासिक धरोहर को नुकसान पहुंचाने जैसी शिकायतें भी सामने आई। इस पर एडीएम श्री ओझा ने मांझी मंदिर के संबंध में देवस्थान विभाग तथा सहस्त्रबाहु मंदिर के विषय में पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग एवं पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर उसकी जांच  एवं आवश्यक कार्यवाही कराने के निर्देश दिए।  

इन बिंदुओं पर भी हुई चर्चा
- ऑटो स्टेण्ड, ऑटो रेट और ड्राइवर की यूनिफॉर्म तय करने पर चर्चा
- आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए पर्यटन थाने में पर्याप्त स्टाफ की तैनाती
- सहेलियों की बाड़ी सहित अन्य पर्यटन स्थलों के समीप गाइड शेल्टर का निर्माण
- नो व्हिकल जोन और पैदल मार्ग के लिए समिति की ओर से चिन्हित  रूट पर चर्चा
- सहेलियों की बाड़ी स्थित कलांगन  के रखरखाव के लिए एसआईईआरटी को पाबंद करना
- बाहुबली हिल्स पर पाथ-वे, पार्किंग तथा पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक  व्यवस्था कराने पर चर्चा
- गुलाबबाग को यूनेस्को हेरिटेज साइट में शामिल कराने के लिए  इन्वेन्ट्री तैयार कराना। इत्यादि
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.