श्रीगंगानगर। गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र श्रीगंगानगर के कंपनी कमांडर नत्था सिंह 36 वर्षों की उल्लेखनीय एवं समर्पित सेवाएं देने के बाद बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर गृह रक्षा कार्यालय में सम्मानपूर्वक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों, परिजनों तथा शुभचिंतकों ने उनकी दीर्घ सेवाओं को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
अपने सेवा काल के दौरान नत्था सिंह ने सीमा क्षेत्र में बोर्डर होमगार्ड श्रीगंगानगर एवं बीकानेर में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इसके अलावा उन्होंने गृह रक्षा विभाग उदयपुर एवं धौलपुर में भी अपनी सेवाएं देते हुए विभागीय कार्यों को कुशलतापूर्वक संपादित किया। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं कार्य के प्रति समर्पण को विभाग में हमेशा सम्मान की दृष्टि से देखा जाता रहा है।
आयोजित विदाई समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला प्रकोष्ठ श्रीमती नीलम चौधरी उपस्थित रहीं। समारोह में पूर्व डिप्टी कमांडेंट चम्पालाल, प्लाटून कमांडर रवि प्रकाश, प्लाटून कमांडर रघुवीर शर्मा सहित विभागीय स्टाफ, स्वयंसेवक, एवं नत्था सिंह के परिवारजन एवं रिश्तेदार बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में नत्था सिंह के सेवा काल को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे कार्यकाल में निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया। समारोह के दौरान उन्हें स्मृति चिन्ह एवं सम्मान स्वरूप उपहार भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घ जीवन की कामना की गई। विदाई के अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए भावुक माहौल में उन्हें शुभकामनाओं के साथ सम्मानपूर्वक विदाई दी।