कोटा। रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा ऑडी कार जब्त की है। आरोपी पुलिस की नाकाबंदी देखकर अपनी लग्जरी कार सड़क पर छोड़ खेतों के रास्ते फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने लगातार पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शहर में अवैध गतिविधियों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद मिश्रा एवं वृत्ताधिकारी द्वितीय डॉ. पूनम के निर्देशन में रेलवे कॉलोनी थाना प्रभारी सीआई रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
30 जून को पुलिस को सूचना मिली कि कैथून निवासी अमृतपाल ऑडी कार (आरजे-20-सीजे-9083) में अवैध हथियार लेकर चन्द्रेशल रोड से खारी बावड़ी की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही एसएल गार्डन के पास नाकाबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध ऑडी कार पहुंची, चालक पुलिस को देखकर कार छोड़कर खेतों की ओर भाग निकला।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार, कारतूस और ऑडी कार को जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
तकनीकी सहायता से दबोचा आरोपी
सीआई रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी सहायता और लगातार दबिश देकर फरार आरोपी अमृतपाल (23) निवासी मूलतः किशनगंज (बारां) एवं हाल निवासी कैथून को 1 जुलाई को नया नोहरा ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पंजाबी गानों के शौक ने बनाया हथियारों का दीवाना
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को पंजाबी गानों और उनमें दिखाई जाने वाली हथियारों व महंगी कारों की संस्कृति का शौक था। उसने करीब एक वर्ष पहले एक शादी समारोह में किसी अज्ञात व्यक्ति से 80 हजार रुपये में अवैध पिस्टल और 10 कारतूस खरीदे थे। अधिकांश कारतूस वह शौकिया फायरिंग में खर्च कर चुका था।
पत्नी इंग्लैंड में, वहीं भागने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी मुस्कान कौर इंग्लैंड में पढ़ाई और पार्ट टाइम नौकरी करती है। आरोपी चाहता था कि उसकी गर्भवती पत्नी की डिलीवरी इंग्लैंड में हो ताकि बच्चे को वहां की नागरिकता मिल सके। उसने पासपोर्ट और वीजा भी बनवा रखा था। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपी नया नोहरा ओवरब्रिज से दिल्ली पहुंचकर इंग्लैंड फरार होने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सीआई रामस्वरूप मीणा, उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार, महेन्द्र कुमार तथा दिगम्बर, विनोद, राजेन्द्र कुमार, मदनलाल और लक्ष्मण सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।