बिजली बिलों से जनता का शोषण बंद करे KEDL – समाजसेवी हिम्मत सिंह 

( 336 बार पढ़ी गयी)
Published on : 02 Jul, 26 16:07

के डी अब्बासी 

बिजली बिलों से जनता का शोषण बंद करे KEDL – समाजसेवी हिम्मत सिंह 

कोटा । बिजली बिलों में हो रही भारी अनियमितताओं से परेशान उपभोक्ताओं ने आज समाजसेवी हिम्मत सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं। 
इस दौरान स्टेशन क्षेत्र निवासी उजमा बानो ने लिखित शिकायत देते हुए बताया कि उनके परिवार में केवल वह और उनका एक बेटा हैं। उनके माता-पिता का निधन हो चुका है तथा वह आर्थिक रूप से बेहद कमजोर स्थिति में जीवन-यापन कर रही हैं।
उजमा बानो ने बताया कि उनका मासिक बिजली बिल सामान्यतः 700 से 1200 रुपये के बीच आता था, जिसे वह समय पर जमा करती रही हैं। लेकिन जून 2026 का बिजली बिल अचानक 12,000 रुपये भेज दिया गया। जब वह बिल में सुधार करवाने KEDL खेड़ली फाटक कार्यालय पहुंचीं तो कर्मचारियों ने बिल की जांच करने के बजाय उसे 24,000 रुपये कर दिया। दोबारा पड़ोसियों के साथ कार्यालय जाने पर उन्हें कथित रूप से कहा गया कि "बार-बार ऑफिस आओगी तो रीडिंग के हिसाब से बिल और बढ़ जाएगा, लगभग 50,000 रुपये तक आ सकता है।" इससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं।

इस संबंध में समाजसेवी हिम्मत सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी के इन महीनों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को अकल्पनीय और अत्यधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी जा रही है तथा पहले मिलने वाली पार्ट पेमेंट की सुविधा भी बंद कर दी गई है। इससे आम जनता पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और गलत बिजली बिलों को तुरंत ठीक नहीं किया गया तो आम जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
हिम्मत सिंह ने कहा कि बिजली, पानी, शिक्षा और चिकित्सा प्रत्येक नागरिक के मूल अधिकार हैं। इन आवश्यक सेवाओं में लापरवाही और आमजन के साथ अन्याय किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों से आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने और व्यवस्था में व्याप्त खामियों को तत्काल दूर करने की मांग की।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.