राजस्थान विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी  कोलकाता दौरे पर*

( 1142 बार पढ़ी गयी)
Published on : 03 Jul, 26 05:07

राजस्थान विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी  कोलकाता दौरे पर*

*पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात, दोनों राज्यों के विकास के विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा*

*स्पीकर देवनानी का कोलकाता में राजस्थान फोरम सहित एक दर्जन से अधिक संस्थाओं ने किया भव्य सम्मान*

 

*देवनानी 4 जुलाई को अगरतल्ला (त्रिपुरा) में त्रिपुरा सुंदरी मंदिर और 5 जुलाई को असम की राजधानी गुवाहाटी में कामाख्या देवी मंदिर के दर्शन करेंगे*


जी एन भट्ट 

जयपुर। राजस्थान विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कोलकाता में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से शिष्टाचार मुलाकात की।

 
पश्चिम बंगाल के राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने देवनानी का पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिवादन किया। देवनानी ने भी सुवेंदु अधिकारी का दुपट्टा पहनाकर और राजस्थान विधान सभा का स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनन्दन किया।देवनानी ने मुख्यमंत्री अधिकारी को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल के विकास और सुशासन के नये कीर्तिमान स्थापित होने की शुभकामनाएं दी।
 
भेंट के दौरान स्पीकर देवनानी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की राजस्थान और पश्चिम बंगाल से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
देवनानी गुरुवार को दोपहर पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुँचे। 

*प्रवासी राजस्थानियों की विभिन्न संस्थाओं द्वारा स्वागत* 

विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी का गुरुवार को कोलकाता के आईटीसी रॉयल बंगाल में राजस्थान फोरम द्वारा आयोजित 'मीट एंड ग्रीट' कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही राजस्थान से जुडी एक दर्जन से अधिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पगडी, फूल मालाएं, दुपट्टे और शॉल ओढाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य सम्मान किया। 
 
इस अवसर पर  देवनानी ने अपने उ‌दबोधन में प्रवासी राजस्थानियों का आव्हान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत @ 2047 की संकल्पना को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाये। उन्होंने कहा कि भारत जगत गुरु है और हमेशा रहेगा।

 

देवनानी ने कहा कि कुछ समय पहले तक पश्चिम बंगाल की स्थिति चिंताजनक थी। उ‌द्योग धंधे बाहर जा रहे थे। लोगों में भय का वातावरण था। अब बदलती स्थितियों से यहां के लोगों के चेहरों पर उत्साह और विश्वास स्पष्ट दिखाई दे रहा है तथा पश्चिम बंगाल प्रगति की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि बदलती हुई स्थितियों में प्रवासी राजस्थान और पश्चिम बंगाल में नये सिरे से दोनों राज्यों की प्रगति एवं उन्नति के लिए नये आयाम जोडे। 

 

स्पीकर देवनानी ने कहा कि राजस्थान के लोग जहां भी जाते है, वहां अपने श्रम से अपनी एक अलग पहचान बना लेते है। आज कोलकाता में उन्हें छोटा राजस्थान दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानी निरन्तर प्रगति करें, समृद्ध बने और अपनी जन्म भूमि राजस्थान को कभी ना भूले। 

देवनानी ने कहा कि प्रवासी राजस्थान से जुडे रहे और अपनी जडों को मजबूत करने में निरन्तर प्रयासरत रहे। 
 
 
समारोह में देवनानी ने राजस्थान की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानी समाज विश्वभर में राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान का सशक्त प्रतिनिधि है और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना समय की आवश्यकता है। देवनानी ने बताया कि आज राजस्थान सभी क्षेत्रों में निरन्तर प्रगति कर रहा है। प्रवासी भी अपनी मातृ भूमि के विकास में भागीदार बनें।
 
 
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल विधान सभा के सदस्य रूपा गांगुली, विजय ओझा, कोलकाता की पूर्व उप मेयर मीना देवी पुरोहित, उ‌द्योगपति एवं फोरम के को॰चैयरमेन हरिमोहन बांगुर, संस्कृतिविद संदीप भूतोरिया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर महानगर की कोलकाता नगर निगम की पार्षद मीनादेवी पुरोहित सहित अनेक गणमान्य नागरिकों तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन (वेस्ट बंगाल), सालासर बालाजी सेवा वृन्द, बांधाघाट, प्रेम मिलन कोलकाता, श्रीश्याम मंदिर घुसड़ीधाम, बड़ा बाजार लोहापट्टी सेवा समिति, माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी सेवा समिति, मानिकतला चालता बागान लोहापट्टी दुर्गापूजा कमेटी, सुजानगढ़ नागरिक परिषद सहित अनेक संस्थाओं की ओर से भी विधानसभाष्यक्ष वासुदेव देवनानी का सम्मान किया गया।

*शुक्रवार को नवनिर्वाचित विधायकों के राष्ट्रीय प्रबोधन कार्यक्रम में करेंगे अध्यक्षीय उ‌दबोधन*

 

तीन जुलाई को लोकसभा सचिवालय के पार्लियामेंटरी रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसीज़ (प्राइड ) तथा पश्चिम बंगाल विधानसभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नवनिर्वाचित विधायकों के राष्ट्रीय प्रबोधन कार्यक्रम में "संसदीय व्यवस्था में वित्तीय कार्य और बजटीय प्रक्रिया" विषय पर आयोजित तकनीकी सत्र में अध्यक्षीय उ‌दबोधन देंगे। 
 
राजस्थान फोरम द्वारा आयोजित समारोह में फोरम के संस्थापक श्री संदीप भूतोरिया ने बताया है कि राजस्थान फोरम प्रदेश की विभिन्न विधाओं से जुड़े 34 प्रतिष्ठित कलाकारों, साहित्यकारों, संस्कृतिकर्मियों, खिलाड़ियों और कला विशेषज्ञों का संगठन है, जो पिछले एक दशक से अधिक समय से राजस्थान की कला एवं कलाकारों के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इस अवसर पर श्री देवनानी का अभिनंदन किया गया। फोरम के सभापति ग्रैमी पुरस्कार विजेता एवं पद्मभूषण पंडित विश्वमोहन भट्ट हैं, जबकि पद्मभूषण से सम्मानित पैरालंपियन देवेंद्र झाझरिया इसके सदस्य हैं। श्री सीमेंट के प्रबंध निदेशक एवं उ‌द्योगपति श्री हरिमोहन बांगड़ फोरम के सह-सभापति हैं। संगठन से पद्मश्री सम्मानित लोक कलाकारों, साहित्यकारों, संगीतज्ञों, चित्रकारों तथा विभिन्न क्षेत्रों की अनेक राष्ट्रीय हस्तियां जुड़ी हुई हैं।


*देवनानी का कोलकाता एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत*

 
इससे पूर्व राजस्थान विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी का गुरुवार को कोलकाता एयरपोर्ट पहुँचने पर पश्चिम बंगाल की श्रम सचिव रचना भगत ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। स्पीकर देवनानी का 4 जुलाई को त्रिपुरा और 5 जुलाई को असम जाने का कार्यक्रम है। देवनानी अगरतल्ला में त्रिपुरा सुंदरी मंदिर और गुवाहाटी में कामाख्या देवी मंदिर के दर्शन करेंगे।

साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.