सांसद डॉ रावत की मांग पर झाड़ोल में खुलेगा जिले का दूसरा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, भूमि आवंटन को लेकर प्रशासन को पत्र भेजा 

( 438 बार पढ़ी गयी)
Published on : 04 Jul, 26 11:07

सांसद डॉ रावत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए कर रहे थे प्रयास
उदयपुर।
उदयपुर जिले के झाड़ोल में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खोलने के लिए सांसद डॉ मन्नालाल रावत द्वारा किए गए प्रयास रंग लाए है। केन्द्र सरकार ने जमीन आवंटन को लेकर जिला प्रशासन को पत्र भेजा है। इसके साथ ही अब उदयपुर में 2 नवोदय विद्यालय हो जाएंगे। इसकी मंजूरी के लिए सांसद डॉ रावत लम्बे समय से प्रयास कर रहे थे। 
सांसद डॉ रावत ने पंचायत समिति फलासिया में जिले का दूसरा पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खोलने को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को पत्र लिखा था। सांसद ने केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी थी कि जिला उदयपुर जिले के मावली विधानसभा क्षेत्र में एक नवोदय विद्यालय संचालित है, जो लोकसभा क्षेत्र वित्तौड़गढ़ आता है। उनकी लोकसभा क्षेत्र उदयपुर में आठ विधानसभा क्षेत्र है, जिसके अन्तर्गत उदयपुर शहर का क्षेत्र भी सम्मिलित है। इस सम्पूर्ण लोकसभा क्षेत्र में वर्तमान में एक भी नवोदय विद्यालय संचालित नहीं है। उदयपुर जिला जनजाति बाहुल्य क्षेत्र होने के साथ ही दक्षिण राजस्थान का एकमात्र संभाग मुख्यालय भी है। उन्होंने जानकारी दी कि क्षेत्र में नवीन नवोदय विद्यालय खोले जाने की मांग स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा लम्बे समय से की जा रही है। क्षेत्र पूर्णतया आदिवासी बाहुल्य है एवं क्षेत्र में गरीब एवं अल्पआय वर्ग के छात्रों का रूझान शिक्षा के प्रति है, परन्तु बेहतर शिक्षा सुविधा के अभाव में शिक्षा से वंचित रह जाते है। सांसद डॉ रावत की इस मांग पर मंजूरी देते हुए केन्द्र सरकार ने जमीन आवंटन को लेकर जिला प्रशासन को पत्र भेजा है। इसकी औपचारिकता पूरी होने के साथ ही नवोदय विद्यालय शीघ्र प्रारंभ होने का रास्ता खुल गया है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.