उदयपुर। शिक्षा को रोचक, सहज और आकर्षक बनाने की दिशा में रोटरी क्लब उदयपुर एलीट ने एक सराहनीय पहल करते हुए भुवाणा रानवाड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की दो कक्षाओं को शिक्षाप्रद रंगीन चार्ट्स से सजा दिया। कक्षाओं की चारों दीवारों पर पहाड़े, वर्णमाला, राष्ट्रीय चिन्ह, राष्ट्रीय खेल, पशु-पक्षी सहित विभिन्न विषयों पर 21 बड़े आकर्षक चार्ट्स पेंट करवाए गए, जिनका लोकार्पण एलिमेंट्री शिक्षा अधिकारी मनीष सोनी ने किया।
क्लब अध्यक्ष रमेश मोदी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य बच्चों के लिए कक्षा को ऐसा शिक्षण वातावरण बनाना है, जहां वे खेल-खेल में सहज रूप से ज्ञान अर्जित कर सकें। रंग-बिरंगे चार्ट्स से सजी कक्षाओं को देखकर नन्हे विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मुख्य अतिथि मनीष सोनी ने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के साथ विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण भी बेहतर बनाते हैं। उन्होंने रोटरी क्लब एलीट की सामाजिक एवं शैक्षणिक प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
रमेश मोदी ने बताया कि इस सेवा प्रकल्प में क्लब सदस्य आनंद दमानी एवं पूनम मोदी का विशेष आर्थिक सहयोग रहा। क्लब के वरिष्ठ सदस्य सुधीर दुगड़ ने इस पहल से प्रेरित होकर सामाजिक सहयोग से 25 अन्य विद्यालयों में भी ऐसे शिक्षाप्रद चार्ट्स बनवाने की घोषणा की।
विद्यालय की प्राचार्या अंजू सोनी ने क्लब के सभी सदस्यों का स्वागत किया, जबकि सचिव अनिता जैन ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में दानदाता आनंद दमानी एवं चार्ट्स तैयार करने वाले कलाकार लक्ष्मण प्रसाद का सम्मान भी किया गया। अध्यक्ष ने परियोजना की परिकल्पना और उसके सफल क्रियान्वयन में निरंतर सहयोग देने के लिए पूनम मोदी का विशेष आभार व्यक्त किया।
सेवा कार्य के तहत सभी विद्यार्थियों को कलरिंग बुक, कलर पेंसिल के पैकेट एवं बिस्किट वितरित किए गए। इस अवसर पर सरिता दुगड़, रमेश मेहता, अक्षय जैन, प्रशांत शर्मा, अजय लोढ़ा, रुचिका जैन सहित क्लब के अनेक सदस्य, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।