उदयपुर।सकल जैन श्री संघ मेवाड़ की ओर से मेवाड़ के पार्श्व-भैरव भक्तों के लिए 12 जुलाई, रविवार को एक ऐतिहासिक और भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। उदयपुर से श्री नाकोड़ा तीर्थ के 36वें पालक संघ के उपलक्ष्य में भक्ति,मेहंदी,सांझी महा महोत्सव” का आयोजन आयड़ जैन तीर्थ, उदयपुर में किया जाएगा।
आयोजन के मुख्य संयोजक हस्तीमल लोढ़ा ने बताया कि यह आयोजन उदयपुर नगर के धार्मिक आयोजनों में स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाला होगा। महोत्सव की शुरुआत मंगल प्रेरणा से होगी। इस अवसर पर बहुश्रुत आगमोद्वारक पूज्य आचार्य श्री आनंदऋषिसूरिश्वरजी म.सा. समुद्रवर्ती तथा वर्धमान तपोनिधि पूज्य श्री नयचंद्रसागरसूरिश्वरजी म.सा. के शिष्य मुनिराज श्री सुमतिचंद्रसागरजी म.सा. एवं मुनिराज श्री शीतलचंद्रसागरजी म.सा. का सान्निध्य प्राप्त होगा।
संघ के मनोहर तलेसरा ने बताया कि महिलाओं के लिए दोपहर 2 बजे सांझी (चोबीसी) मेहंदी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद शाम 5 से 7 बजे तक भैरव प्रसादी, शाम 7 बजे महाभक्ति एवं महाआरती का आयोजन होगा। कार्यक्रम में समय पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक लकी ड्रॉ कूपन की भी व्यवस्था की गई है।
पवन मेहता व सुनील लुणावत ने बताया कि महोत्सव में सुप्रसिद्ध जैन संगीतकार गौरवभाई मालू अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।कार्यक्रम का आयोजन उवसग्गहरं आराधक परिवार द्वारा किया जा रहा हैं.
चातुर्मास संयोजक हितेष पोरवाल व गजेन्द्रसिंह ने बताया कि उदयपुर में 15 जुलाई से होगा जैन संतों का भव्य चातुर्मास प्रवेश-महावीर साधना एवं स्वाध्याय समिति, अम्बामाता के तत्वावधान में 15 जुलाई 2026 (बुधवार) को उदयपुर में आध्यात्मिक चातुर्मास प्रवेश का भव्य आयोजन किया जाएगा।
डी.सी.जैन व राजेश नलवाया ने बताया कि इस अवसर पर बहुश्रुत आगमवेदज्ञ प.पू. आ. श्री आनंदसागर सूरिश्वरजी म.सा. एवं वर्धमान तपोनिधि प.पू. आ. श्री नयचंद्रसागर सूरिश्वरजी म.सा. के सान्निध्य में मुनिराज श्री सुमतिचंद्रसागरजी म.सा. एवं मुनिराज श्री शीतलचंद्रसागरजी म.सा. का चातुर्मास प्रवेश संपन्न होगा।
जे.पीे. बाबेल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 7 बजे नवकारशी से होगा। चातुर्मास प्रवेश के लाभार्थी संघवी प्रवीण कुमार प्रकाशचंद पोरवाल एवं समस्त खाबडू वाला परिवार हैं। आयोजन महावीर साधना एवं स्वाध्याय समिति, अम्बामाता, उदयपुर में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
चिंतन लोढ़ा ने बताया कि नाकोड़ा महातीर्थ के लिए उदयपुर से पहली बार 1008 से अधिक आराधकों का 18 दिवसीय सामूहिक उत्सर्गहरं छरी पालित महासंघ आयोजित किया जा रहा है। महासंघ के मुहूर्त प्रदान का शुभारंभ 15 जुलाई को सुबह 10ः15 बजे महावीर साधना एवं स्वाध्याय समिति, अंबामाता, उदयपुर में पूज्य मुनिराजों के सान्निध्य में होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।