राजस्थान के विकास इतिहास में 4 जुलाई 2026 शनिवार का दिन स्वर्णाक्षरों में अंकित हो गया है । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा कस्बें के पास देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण कर न केवल पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक भविष्य का द्वार खोला है, बल्कि प्रदेश को एक लाख पाँच हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात भी देकर यह संदेश दिया कि अब राजस्थान केवल पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत का प्रदेश नहीं, बल्कि भारत के औद्योगिक, ऊर्जा और आधारभूत संरचना विकास का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है।
पचपदरा में लगभग 79,459 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 9 एमएमटीपीए क्षमता वाली यह रिफाइनरी देश की पहली ऐसी परियोजना है, जिसमें रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल उत्पादन को एकीकृत किया गया है। अत्याधुनिक तकनीक से निर्मित यह कॉम्प्लेक्स भारत की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को नई मजबूती देगा। इससे पश्चिमी राजस्थान में पेट्रोकेमिकल, प्लास्टिक तथा अन्य डाउनस्ट्रीम उद्योगों का विशाल नेटवर्क विकसित होगा और हजारों प्रत्यक्ष एवं लाखों अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। रेगिस्तान की धरती पर यह परियोजना वास्तव में नए आर्थिक युग का सूत्रपात है।
इस अवसर पर आयोजित महती जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस रिफाइनरी को केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया। उन्होंने पश्चिम एशिया में हाल के युद्ध के दौरान उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने समय रहते रणनीतिक निर्णय लेकर ईंधन और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की। उन्होंने बताया कि संकट के दौरान देश की रिफाइनरियों ने एलपीजी उत्पादन में अभूतपूर्व वृद्धि की और भारत ने अपनी कूटनीतिक क्षमता के बल पर ऊर्जा आपूर्ति के नए स्रोत विकसित किए। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐसी परियोजनाएँ भविष्य के किसी भी वैश्विक संकट का प्रभाव कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी। प्रधानमंत्री ने हाल ही सम्पन्न हुए यमुना जल परियोजना के समझौते का जिक्र करते हुए कहा की इस समझौते से हरियाणा और राजस्थान के लोगों की पानी से जुड़ी लगभग 3 दशक पुरानी समस्या का समाधान हुआ है। यह समझौता सहकारी संघवाद के मंत्र का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। लगभग 34 हजार 102 करोड़ रुपये की इस परियोजना से राजस्थान की जल सुरक्षा सुदृढ़ होगी। हथिनीकुंड बैराज से 295.5 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइनों द्वारा चूरू, सीकर, झुंझुनूं सहित अन्य जल क्षेत्रों को पेयजल की दीर्घकालिक पूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। वहीं, ऊपरी यमुना बेसिन की प्रमुख भंडारण परियोजनाओं के पूर्ण होने पर सिंचाई सहित अन्य आवश्यकताओं को भी चरणबद्ध रूप से पूरा करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
प्रधानमंत्री ने प्रतिपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि हम जी काम शुरू करते है उसे पूरा करने के बाद ही विश्राम लेते है।
राजस्थान के लिए यह अवसर केवल रिफाइनरी के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश की राजधानी पिंक सिटी जयपुर के मेट्रो फेज-2 की आधारशिला रखकर राजधानी के शहरी परिवहन को नई दिशा दी। लगभग 13,037 करोड़ रुपये की लागत से जयपुर में बनने वाला 41 किमी लंबा यह उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर जयपुर के औद्योगिक, आवासीय, चिकित्सा तथा हवाई अड्डा क्षेत्रों को आधुनिक मेट्रो नेटवर्क से जोड़ देगा। इसके पूरा होने पर जयपुर का मेट्रो नेटवर्क 50 किलोमीटर से अधिक का हो जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा। राजस्थान के रेल अवसंरचना के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई। चूरू-सादुलपुर तथा चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं के राष्ट्र को समर्पण से उत्तर-पश्चिम राजस्थान की रेल क्षमता बढ़ेगी, माल परिवहन सुगम होगा और यात्रियों को अधिक सुरक्षित एवं समयबद्ध रेल सेवाएँ मिल सकेंगी।इसके अलावा ऊर्जा क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री ने 1,300 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाओं तथा विद्युत प्रसारण नेटवर्क का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर राजस्थान को देश की हरित ऊर्जा राजधानी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। स्वदेशी सोलर मॉड्यूल और सेल्स पर आधारित इन परियोजनाओं से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन बढ़ेगा, कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी तथा जलवायु परिवर्तन से मुकाबले में भारत की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी। इसके साथ ही राजस्थान के दूसरे सबसे बड़े शहर जोधपुर में लगभग 480 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल के उद्घाटन तथा संशोधित उड़ान योजना के शुभारंभ ने पश्चिमी राजस्थान को राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बना दिया है । वहीं, यमुना जल समझौते के माध्यम से हथिनीकुंड बैराज से शेखावाटी क्षेत्र तक पेयजल पहुँचाने की महत्वाकांक्षी परियोजना ने दशकों पुरानी जल समस्या के समाधान की नई आशा जगाई है। कार्यक्रम का एक अत्यंत प्रेरक पक्ष लगभग 54 हजार नवचयनित युवाओं को रोजगार पत्र प्रदान करना रहा। शिक्षा, ऊर्जा, कृषि, पंचायतीराज, गृह, परिवहन तथा अन्य विभागों में नियुक्त इन युवाओं को रोजगार देकर राज्य सरकार ने सुशासन और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का संदेश दिया। यह युवाओं के भविष्य के साथ-साथ प्रदेश के प्रशासनिक ढाँचे को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
पचपदरा और जोधपुर में आयोजित कार्यक्रमों में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी, केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायड़ू, केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, राजस्थान सरकार के सभी मंत्रीगण, सांसद और विधायक गण तथा मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास भी उपस्थित रहे ।
स्पष्ट है कि 4 जुलाई 2026 का दिन केवल राजस्थान में विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के उद्घाटन का दिन ही नहीं था, बल्कि राजस्थान के आर्थिक, औद्योगिक, ऊर्जा, परिवहन और जल प्रबंधन के समग्र विकास की नई यात्रा के प्रारंभ का ऐतिहासिक दिन भी था। पचपदरा की रिफाइनरी ने यह सिद्ध कर दिया है कि जिस मरुधरा को कभी केवल थार रेगिस्तान का एक विस्तार माना जाता था, वही आज भारत की ऊर्जा शक्ति, औद्योगिक प्रगति और आत्मनिर्भर भविष्य का नया आधार बन रहा है। आने वाले वर्षों में यह विकास गाथा न केवल राजस्थान की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी, बल्कि प्रधानमन्त्री के “विकसित भारत@2047 ” के संकल्प को भी सशक्त आधार प्रदान करेगी ऐसी उम्मीद है ।