जम्मू। उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल के चेकिंग स्टाफ की त्वरित कार्रवाई और समन्वय से वंदे भारत एक्सप्रेस में छूटे हुए दो यात्रियों का कीमती सामान सुरक्षित रूप से वापस लौटाया गया।
जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि पहला मामला 2 जुलाई 2026 का है जब गाड़ी संख्या 22439 वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक यात्री अपना ट्रॉली बैग ट्रेन में भूलकर पठानकोट कैंट स्टेशन पर उतर गए। इसकी सूचना मिलते ही जम्मू में तैनात वंदे भारत चेकिंग स्टाफ श्री राजिंदर सिंह ने तुरंत संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर ट्रेन से बैग को बरामद किया और उसे पठानकोट कैंट स्टेशन भिजवाने की व्यवस्था की। पठानकोट कैंट स्टेशन पर मुख्य टिकट निरीक्षक श्री राकेश मेहता ने बैग प्राप्त कर स्टेशन अधीक्षक की उपस्थिति में यात्री को सकुशल सौंप दिया। अपना सामान वापस पाकर यात्री ने रेलवे स्टाफ की ईमानदारी और तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया।
दूसरी घटना 4 जूलाई को ट्रेन संख्या 26401 जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस में हुई। रेल मदद और फोन के माध्यम से ट्रेन के टिकट चेकिंग स्टाफ को सूचना प्राप्त हुई, कि एक यात्री का हैंड बैग सीट पर रह गया है। सूचना मिलते ही टिकट चेकिंग स्टाफ ने तुरंत पीएनआर चौक किया और सीट की तलाशी ली। जिसमें में सीट संख्या 15 पर एक काले रंग का हैंड बैग मिला जिसकी सूचना यात्री को दे दी गई। इसके पश्चात ऑन ड्यूटी रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बैग में रखे सामान का वीडियो के माध्यम से यात्री से सत्यापन कराया गया। बैग में यात्रा पर्ची, एटीएम कार्ड, पहचान पत्र, ईयरबड्स और 170 रुपये नकद मिले। यात्री के अनुरोध पर बैग को श्रीनगर स्टेशन पर सुरक्षित जमा करवाया गया। यात्री ने टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
इस संबंध में ’वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू मंडल’ ने कहा कि जम्मू मंडल का चेकिंग स्टाफ सदैव यात्री सेवा को सर्वाेपरि मानते हुए कार्य करता है। उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल यात्रियों की सुविधाए सुरक्षा एवं सामान की सुरक्षा को सर्वाेपरि मानते हुए सदैव तत्पर है।