जैसलमेर । जिले में चल रहे ग्रामीण सेवा शिविर-2026 राजस्व कार्यो के निस्तारण के मामले में बहुत ही राहतदायी सिद्व हो रहे है। ग्राम पंचायत नेतसी में शिविर में 30 साल बाद दोनों भाई पदम सिंह एवं विजय सिंह पुत्र उगम सिंह को आपसी सहमति के बंटवारे से अपने-अपने भूमि का असली मालिकाना हक मिल गया एवं उनके चेहरों पर खुशी छा गई।
शिविर प्रभारी तहसीलदार रामगढ़ महेन्द्र सिंह के समक्ष नेतसी निवासी पदमसिंह व विजय सिंह ने अपनी सामलाती पैतृक भूमि का आपसी सहमति से बंटवारा करने के संबंध में प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया। तहसीलदार ने संवेदनशील राज्य सरकार की मंशा के अनुरुप मौके पर ही भू-अभिलेख निरीक्षक एवं पटवारी को सहमति बंटवारा प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए। शिविर में ही दोनों भाईयों की सहमति के आधार पर भूमि का बराबर बंटवारा प्रकरण तैयार किया गया एवं शिविर प्रभारी ने पदम सिंह एवं विजय सिंह को सहमति बंटवारा प्रपत्र प्रदान किया। जैसे ही दोनों भाईयों को अपने-अपने हिस्से की भूमि का 30 साल बाद मालिकाना हक प्राप्त हुआ तो दोनों परिवारों में खुशी छा गई।
पदम सिंह एवं विजय सिंह ने इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री जी के साथ ही राजस्व प्रशासन का तहेदिल से आभार व्यक्त किया एवं कहा कि शिविर की बदौलत बिना किसी खर्चे के सहमति का बंटवारा हो गया यह हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि अब वे अपनी-अपनी भूमि पर केसीसी के साथ ही कृषि विभाग की विभिन्न अनुदानित योजनाओं का आसानी से लाभ ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि वास्तव में ये शिविर ग्रामीणों के लिए बहुत ही लाभदायी साबित हो रहे है।