थार के पशुपालकों के लिए सुरक्षा कवच बनी मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना

( 361 बार पढ़ी गयी)
Published on : 06 Jul, 26 16:07

ग्रामीण सेवा शिविर 2026 में मिला तत्काल लाभ, पशुपालकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

     जैसलमेर । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसी क्रम में उपखण्ड पोकरण की ग्राम पंचायत दलपतपुरा में आयोजित शिविर कई पशुपालकों के लिए राहत और विश्वास का संदेश लेकर आया।

     शिविर प्रभारी हजारा राम, तहसीलदार पोकरण एवं सहायक प्रभारी भगवान सिंह, अतिरिक्त विकास अधिकारी, पंचायत समिति सांकड़ा के नेतृत्व में आयोजित शिविर में पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत लाभार्थी श्रीमती सोनी खातू पत्नी माठीन खां, निवासी दलपतपुरा को उनकी गाय की आकस्मिक मृत्यु पर 21,000 रुपये की बीमा सहायता राशि का वितरण किया गया। इसके साथ ही 15 से अधिक पशुपालकों को उनके पशुओं की निःशुल्क बीमा पॉलिसियां भी प्रदान की गईं।

      थार के रेगिस्तानी क्षेत्र में पशुधन ही अधिकांश परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है। ऐसे में आकस्मिक पशु मृत्यु से होने वाले आर्थिक संकट से बचाने के लिए मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना वास्तविक सुरक्षा कवच बनकर सामने आई है। शिविर में बीमा सहायता राशि का त्वरित वितरण और निःशुल्क बीमा पॉलिसियों का लाभ मिलने से पशुपालकों में सरकार के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।

     ग्रामीणों ने कहा कि अब उन्हें यह भरोसा है कि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में उनका पशुधन असुरक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली, त्वरित समाधान और जनहितकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा, राज्य सरकार, जिला एवं उपखण्ड प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

    ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ने एक बार फिर साबित किया कि जब सरकारी योजनाएं प्रभावी क्रियान्वयन के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं, तब वे केवल सहायता नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में सुरक्षा, आत्मविश्वास और नई उम्मीद का संचार करती हैं।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.