सीआई दिग्विजय सिंह की सटीक कार्रवाई

( 376 बार पढ़ी गयी)
Published on : 07 Jul, 26 16:07

के डी अब्बासी

सीआई दिग्विजय सिंह की सटीक कार्रवाई

कोटा। महावीर नगर थाना पुलिस ने शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह सफलता थानाधिकारी (सीआई) दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मिली है।
पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. तेजस्विनी गौतम के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चन्द्र मिश्रा तथा वृत्ताधिकारी मनीष शर्मा के सुपरविजन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महावीर नगर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने कोटा शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय थे और चोरी के वाहनों को सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे। पहचान छिपाने के लिए इंजन एवं चेसिस नंबरों से छेड़छाड़ कर वाहनों को कम कीमत में बेचने की फिराक में रहते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी सहित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है तथा अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े सहयोगियों के संबंध में पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
रेशा,
रिजु नायक,
राजू रैगर है 
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सीआई दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उत्कृष्ट कार्य किया। विशेष भूमिका कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह एवं राकेश की रही।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.