पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय वायु सेना स्थल जैसलमेर में विधिक जागरूकता शिविर संपन्न

( 608 बार पढ़ी गयी)
Published on : 07 Jul, 26 17:07

नशे को ना कहो, अपने सपनों को हां कहो विषय पर विद्यार्थियों को किया जागरूक

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय वायु सेना स्थल जैसलमेर में विधिक जागरूकता शिविर संपन्न

     जैसलमेर । पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय वायु सेना स्थल, जैसलमेर में मंगलवार को एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और उन्हें एक स्वस्थ व सुरक्षित भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

      कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किशोर न्याय बोर्ड, जैसलमेर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सौभाग्य सिंह चारण थे। शिविर का मुख्य विषय नशे को ना कहो, अपने सपनों को हां कहो; नशा कोई स्टाइल नहीं, अपने मन, शरीर और भविष्य की रक्षा करोष् रखा गया था।

      कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सौभाग्य सिंह चारण ने कक्षा 12वीं के कला, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि यह व्यक्ति के सुनहरे भविष्य और सपनों को भी तोड़ देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून और विधिक अधिकारों की जानकारी देते हुए नशे की लत से दूर रहने और अपने कैरियर पर ध्यान केंद्रित करने की सीख दी।साथ ही कोर्ट वाली दीदी के बॉक्स की जानकारी भी दी गई।

      इससे पूर्व, विद्यालय के प्राचार्य बिशन सिंह राठौड़ ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंटकर हार्दिक स्वागत व अभिनंदन किया। प्राचार्य बिशन सिंह राठौड़  ने बताया कि यह शिविर विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और परिवर्तनकारी रहा, जिसने उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन दिलीप कुमार शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अन्त में विनय सिंह वर्मा ने मुख्य अतिथि, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.