उदयपुर। भारत विकास परिषद मेवाड़ द्वारा परिषद के संस्थापक डॉ. सूरजप्रकाश की जयंती से प्रारंभ हुए सेवा पखवाड़े के अंतर्गत संत टेरेसा विद्यादीप सीनियर सेकंडरी विद्यालय में श्नशा मुक्ति संकल्प अभियानश् एवं श्गुरु वंदन-छात्र अभिनंदनश् कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने एक ओर युवाओं को नशामुक्त जीवन का संदेश दिया तो दूसरी ओर गुरु-शिष्य परंपरा के सम्मान का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित गणमान्यों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। परिषद के पदाधिकारियों ने विद्यालय के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपरणा, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण तब आया, जब सम्मानित विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को उपरणा, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की। इस अनूठे सम्मान ने पूरे वातावरण को भावविभोर कर दिया।
परिषद के सचिव एडवोकेट संजय मेहता ने बताया कि सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा सहसंयोजक डॉ. जयराज आचार्य, क्षेत्रीय संपर्क संयोजक संजीव भारद्वाज तथा अध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र सिंह सिसोदिया ने भारत विकास परिषद की सेवा गतिविधियों, नशामुक्त जीवन के महत्व तथा गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
संस्कार संयोजक डॉ. योगेश ज्यानी ने कक्षा 9वीं, 10वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों को स्वयं, अपने परिवार एवं परिचितों को व्यसनमुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा सभी से नशामुक्ति का संकल्प लेकर हस्ताक्षर भी करवायें। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ राष्ट्रीय सदस्य हरिशंकर तिवारी ने आभार व्यक्त किया। शाखा सदस्या एवं शिक्षिका श्रीमती सुनीता वैरागी ने कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुसंगठित संचालन किया। सेवा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया।