अपार जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ एकविंशति कल्याण महाकुंभ

( 264 बार पढ़ी गयी)
Published on : 09 Jul, 26 17:07

अपार जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ एकविंशति कल्याण महाकुंभ

निम्बाहेड़ा। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ में आयोजित एकविंशति 21वें कल्याण महाकुंभ का आयोजन अपार जनसहभागिता और श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हुआ। आठ दिवसीय महाकुंभ के दौरान भगवान शिव को समर्पित धार्मिक अनुष्ठानों, श्रीलिंग महापुराण कथा, 51 कुंडीय अतिरुद्र महायज्ञ, भजन संध्याओं और विविध आध्यात्मिक आयोजनों में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिदिन ठाकुर श्री कल्लाजी का मनोहारी श्रृंगार किया गया तथा मंदिर को आकर्षक फूल बंगलों से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं प्रत्येक संध्या आयोजित भक्ति संध्याओं में प्रसिद्ध भजन गायकों ने भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। महाकुंभ का शुभारंभ एक जुलाई को भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा के साथ हुआ। आठ दिनों तक चली श्रीलिंग महापुराण कथा में भगवान शिव के लिंग स्वरूप एवं पंचावतार का विस्तृत वर्णन किया गया। 51 कुंडीय पंचदिवसीय श्री अतिरुद्र महायज्ञ में बड़ी संख्या में यजमानों ने गौ घृत और साकल्य की साढ़े तीन करोड़ आहुतियां दीं। उन्होंने ब्रह्मा, विष्णु, महेश सहित ब्रह्मांड के सभी देवी देवताओं की कृपा प्राप्ति करने का यह अनुकरणीय जतन किया। वहीं यज्ञ से होने वाले लाभ का वैज्ञानिक परीक्षण भी कराया गया।  महाकुंभ के दौरान शिव पंचाक्षरी मंत्र के साढ़े चार सौ करोड़ जाप, 111 श्रीलिंग महापुराण पारायण, सुंदरकांड पाठ, राष्ट्रीय कवि सम्मेलन तथा विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। समापन अवसर पर वेदपीठ के न्यासियों व पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, चिकित्सा एवं आयुर्वेद विभाग, नगर परिषद, औद्योगिक एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों, धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों, प्रेस जगत, सर्व समाज तथा कल्याण भक्तों का अनुकरणीय सहयोग रहा। सभी के सामूहिक प्रयास और श्रद्धालुओं की सहभागिता से महाकुंभ भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ। श्री कल्लाजी वेदपीठ एवं न्यास की ओर से सभी सहयोगियों,  आचार्यो, बटुकों, वीर वीरांगनाओ,शक्ति एवं कृष्णा शक्ति दल की माता बहनो,  दूर दराज से आये श्रद्धालुओं एवं जनप्रतिनिधियों का आत्मिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्पूर्ण समाज के सामूहिक सहयोग और ठाकुर श्री कल्लाजी की कृपा से महाकुंभ अपने उद्देश्य के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। और इसकी ऐतिहासिका ने विगत दो दशक का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.