सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती में वर्षो से कार्य कर रहे अस्थाई सफाई मजदूरों को सीधा भर्ती करने की मांग

( 355 बार पढ़ी गयी)
Published on : 09 Jul, 26 17:07

मुख्यमंत्री और विधायक के नाम सौंपा ज्ञापन

सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती में वर्षो से कार्य कर रहे अस्थाई सफाई मजदूरों को सीधा भर्ती करने की मांग

श्रीगंगानगर। राजस्थान सरकार द्वारा नगरीय निकायों में प्रस्तावित 25,000 सफाई कर्मचारियों की भर्ती के संबंध में दिनांक 09.07.2026 बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस यूनियन के अध्यक्ष सेठी वाल्मीकि व जिलाध्यक्ष बंटी वाल्मीकि के नेतृत्व में अपनी मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा विधायक जयदीप बिहाणी के नाम विधायक प्रतिनिधि मधुसूदन बिहाणी को प्रस्तुत किया। जिलाध्यक्ष बंटी वाल्मीकि ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की भर्ती की विज्ञप्ति 25 जुलाई, 2026 को जारी होने की संभावना है। इस संबंध में डी.एल.बी., जयपुर द्वारा जारी समझौता पत्र में प्रस्तावित नियमों पर संगठन ने असहमति व्यक्त करते हुए यूनियन ने मांग की है कि वर्तमान में भर्ती प्रक्रिया से वर्षों से सफाई कार्य कर रहे परम्परागत सफाई कर्मियों एवं अस्थाई सफाई मजदूरों के हित प्रभावित हो सकते हैं। यूनियन ने राज्य सरकार से मांग की है कि सफाई कर्मचारियों की भर्ती में परम्परागत रूप से सफाई कार्य करने वाले वाल्मीकि समाज एवं वर्तमान में कार्यरत अस्थाई सफाई मजदूरों को प्राथमिकता प्रदान की जाए। साथ ही अस्थाई सफाई मजदूरों का नवीन भर्ती में सीधा चयन किया जाए तथा न्यायालय की शरण में गए अस्थाई सफाई मजदूरों को बिना लॉटरी एवं बिना साक्षात्कार के सीधा नियुक्त किया जाए। इसके अतिरिक्त यूनियन ने ठेका प्रथा समाप्त कर मस्टर रोल व्यवस्था लागू करने, संविदा भर्ती के स्थान पर पूर्व की भांति नियमित सीधी भर्ती करने तथा लॉटरी प्रणाली के बजाय साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया अपनाने की मांग भी की है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ने राज्य सरकार से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया तो सफाई व्यवस्था ठप्प कर हड़ताल, धरना एवं प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार एवं प्रशासन की होगी।

शिष्टमण्डल में जिलाध्यक्ष बंटी वाल्मीकि, अध्यक्ष सेठी वाल्मीकि, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक चांवरिया, महामंत्री बिन्दर सिंह टाक, सुनील घुस्सर, सम्राट, संदीप झुंझ आदि उपस्थित थे।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.