श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जनकल्याण के लिये प्रतिबद्ध राजस्थान सरकार द्वारा आमजन तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर जरूरतमंद परिवारों के लिये राहत बन रहे हैं।
श्रीगंगानगर जिले की पंचायत समिति अनूपगढ़ की ग्राम पंचायत 7 एसजेएम में गुरूवार को ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान 7 एसजेएम निवासी सुश्री अंजली पुत्री श्री भगवानाराम द्वारा सुनने में परेशानी होने के कारण, निःशुल्क श्रवण यंत्र प्रदान करने के लिये आवेदन पत्र प्रस्तुत किया। अंजली को लम्बे समय से सुनने में कठिनाई होने के कारण उसे दैनिक जीवन, संवाद स्थापित करने तथा सामाजिक गतिविधियों में अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। शिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों ने पात्रता की जांच कर अंजली को मौके पर ही श्रवण यंत्र वितरित किया। श्रवण यंत्र प्राप्त होने से लाभार्थी अच्छी प्रकार से सुनकर संवाद करने लगी है, जिससे उसके चेहरे पर खुशी देखी जा सकती है। सुश्री अंजली ने शिविर में तुरन्त प्रभाव से श्रवण यंत्र मिलने पर माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।