विश्व जनसंख्या दिवस पर जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित

( 1121 बार पढ़ी गयी)
Published on : 11 Jul, 26 16:07

विश्व जनसंख्या दिवस पर जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित

उदयपुर। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग, आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय द्वारा राष्ट्रीय व्याख्यान थिएटर (एनएलटी) में थीम रीयलाईजिंग दी होप एंड एस्प्रेशन्स आॅफ यंग पीपल- टूडे एंड फाॅर दी फ्यूचर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्स युवाओं में जनसंख्या संतुलन, परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, लैंगिक समानता तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. विजय गुप्ता, उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग डॉ. कीर्ति, ने की। कार्यक्रम की नोडल प्रभारी वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. रूपा शर्मा, रहीं। इस अवसर पर विभाग के सभी संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, इंटर्न एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन डॉ. आशीष जैन ने दिया। उन्होंने कहा कि जनसंख्या संतुलन केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के उचित उपयोग एवं सामाजिक विकास से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने युवाओं को जागरूक नागरिक बनकर समाज में सकारात्मक संदेश पहुँचाने का आह्वान किया। इसके पश्चात डॉ. रूपा शर्मा, वरिष्ठ प्रोफेसर एवं नोडल प्रभारी ने विश्व जनसंख्या दिवस की थीम एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में जनसंख्या से जुड़े सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में 10 जुलाई को पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन, रंगोली एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता के माध्यम से जनसंख्या स्थिरीकरण एवं परिवार कल्याण का संदेश प्रसारित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग डॉ. कीर्ति ने अपने संबोधन में जनसंख्या संतुलन की अवधारणा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति केवल जनसंख्या की संख्या में नहीं, बल्कि स्वस्थ, शिक्षित, सक्षम एवं जागरूक जनशक्ति में निहित होती है। संतुलित जनसंख्या से संसाधनों का बेहतर उपयोग, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं, बेहतर शिक्षा, रोजगार के अवसर तथा सतत विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में जन स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन का संदेश पहुँचाने का आह्वान किया।
अपने उद्बोधन में अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. विजय गुप्ता ने जनजातीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में आज भी एनीमिया, कुपोषण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएँ चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि संतुलित जनसंख्या, जागरूकता और समय पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता से इन चुनौतियों को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने समाज में स्वास्थ्य शिक्षा और जनजागरूकता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य अतिथि प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन ने कम्युनिटी मेडिसिन विभाग को विश्व जनसंख्या दिवस के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस हमें केवल बढ़ती जनसंख्या के बारे में सोचने का अवसर नहीं देता, बल्कि यह हमें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या का सीधा प्रभाव स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, पर्यावरण और उपलब्ध संसाधनों पर पड़ता है।
उन्होंने अपने संबोधन में गरीबी सूचकांक का उल्लेख करते हुए कहा कि संतुलित जनसंख्या से गरीबी कम करने, संसाधनों के समान वितरण तथा जीवन स्तर में सुधार लाने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तभी प्रभावी रूप से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँच सकता है, जब जनसंख्या और संसाधनों के बीच संतुलन बना रहे।
डॉ. राहुल जैन ने कहा कि प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, बेहतर पोषण एवं उज्ज्वल भविष्य देने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं रेजिडेंट डॉक्टरों से अपील की कि वे स्वयं भी परिवार नियोजन एवं जनसंख्या संतुलन के प्रति जागरूक रहें तथा समाज में भी इसका संदेश पहुँचाएँ। उन्होंने सभी से “छोटा परिवार, सुखी परिवार एवं विकसित भारत” के संकल्प को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में डॉ. आकाश चौहान, डॉ. जानवी पंचाल एवं डॉ. जया अग्रवाल विजेता रहे। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में डॉ. आकाश चौहान, डॉ. जानवी पंचाल एवं डॉ. जया अग्रवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। स्लोगन प्रतियोगिता में डॉ. राज मीणा विजेता रहे। क्विज प्रतियोगिता में डॉ. शुभम मित्तल, डॉ. मोनिका थालोर एवं डॉ. राज मीणा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं सम्मान प्रदान किए गए। अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा जनसंख्या संतुलन, स्वस्थ परिवार, महिला सशक्तिकरण एवं सतत विकास के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के सभी संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, इंटर्न एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। पूरे आयोजन का उद्देश्य युवाओं को जनसंख्या से जुड़े सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनाना था।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.