जैसलमेर । पंचायत समिति मोहनगढ़ की ग्राम पंचायत सदराऊ में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ने वर्षों से अपने अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे अनेक परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाई। शिविर में आवासीय पट्टा प्राप्त करने वाले लतीफ खान के लिए यह दिन जीवन का सबसे यादगार पल बन गया।
लतीफ खान लंबे समय से अपने परिवार के लिए स्थायी आवासीय भूमि के अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे थे। वर्षों तक सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं मिल पाया। ग्रामीण सेवा शिविर में उनकी समस्या को प्राथमिकता से सुनते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई और उन्हें मौके पर ही आवासीय पट्टा प्रदान किया गया।
पट्टा हाथ में लेते ही भावुक हुए लतीफ खान ने उसे अपने सीने से लगाते हुए कहा कि आज मुझे अपनी ही माटी पर मेरा असली हक मिल गया। यह केवल एक पट्टा नहीं, बल्कि मेरे बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है। मुख्यमंत्री महोदय और मोहनगढ़ प्रशासन का मैं हृदय से आभारी हूं।
ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से केवल लतीफ खान ही नहीं, बल्कि कई अन्य जरूरतमंद परिवारों को भी आवासीय पट्टे, विभिन्न योजनाओं का लाभ और आवश्यक प्रशासनिक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। इससे ग्रामीणों का समय और धन दोनों बचा तथा उन्हें कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से मुक्ति मिली।
ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार की संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह "सुशासन आपके द्वार" की भावना वास्तव में गांव तक पहुंची है। प्रशासन की त्वरित कार्यशैली और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता ने ग्रामीणों का विश्वास और अधिक मजबूत किया।
ग्राम पंचायत सदराऊ का यह शिविर इस बात का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया कि जब प्रशासन संवेदनशीलता और तत्परता के साथ गांवों तक पहुंचता है, तब वर्षों पुरानी समस्याएं भी सहजता से समाधान पाकर लोगों के जीवन में नई खुशियां और नई उम्मीदें लेकर आती हैं।