उदयपुर। रोटरी क्लब उदय का वर्ष 2026-27 का पदस्थापना समारोह होटल ग्रैंड कॉन्टिनेंटल में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में रोटरी प्रांत 3056 के प्रांतपाल रो. अरुण बगड़िया ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोटरी का मूल उद्देश्य सेवा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सेवा के जरिए दूसरों के जीवन में खुशियां भरना ही रोटरी की वास्तविक पहचान है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष रोटरी प्रांत 3056 की ओर से एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
समारोह में मुख्य अतिथि प्रांतपाल रो. अरुण बगड़िया थे, जबकि पदस्थापना अधिकारी पूर्व प्रांतपाल निर्मल सिंघवी रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. निर्मल कुणावत, क्लब जीएसआर डॉ. सीमा सिंह तथा सहायक प्रांतपाल संगीता मूंदड़ा उपस्थित थीं।
इस अवसर पर प्रांतपाल अरुण बगड़िया ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष साक्षी डोडेजा एवं सचिव अनिकेत शर्मा को शपथ दिलाई, जबकि पूर्व प्रांतपाल निर्मल सिंघवी ने नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। डॉ. सीमा सिंह एवं डॉ. निर्मल कुणावत ने क्लब के नए सदस्यों वत्सला, संयम, आरती राठौड़ एवं गोविंद को सदस्यता की शपथ दिलाकर रोटरी परिवार में शामिल किया।
पूर्व प्रांतपाल निर्मल सिंघवी ने कहा कि आज सेवा के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का दौर है। जो संगठन समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचकर प्रभावी सेवा करेगा, वही समाज में अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट सामुदायिक सेवा से किसी भी संस्था की सार्वजनिक छवि स्वतः सशक्त होती है।
डॉ. निर्मल कुणावत ने कहा कि रोटरी फाउंडेशन में भारत की भूमिका लगातार मजबूत हुई है। पहले भारत सेवा कार्यों के लिए अनुदान प्राप्त करता था, जबकि आज भारत रोटरी फाउंडेशन में सर्वाधिक योगदान देने वाले देशों में दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि रोटरी प्रांत 3056 ने नए सत्र में रोटरी फाउंडेशन के लिए दो लाख डॉलर योगदान का लक्ष्य रखा था, जिसे मात्र दस दिनों में ही पूरा कर लिया गया। यह राशि विश्वभर में विभिन्न सेवा परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी।
डॉ. सीमा सिंह ने विश्वास जताया कि क्लब इस वर्ष जनसेवा के बड़े प्रकल्पों के माध्यम से समाज में प्रेरणादायी कार्य करेगा। वहीं नवनिर्वाचित अध्यक्ष साक्षी डोडेजा ने कहा कि रोटरी कॉलर केवल एक पद नहीं, बल्कि विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि क्लब की 13 वर्षों की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष ऐसे जनहितकारी प्रकल्प संचालित किए जाएंगे, जो समाज के बीच क्लब की सकारात्मक पहचान को और मजबूत करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष निर्वाचित ऐश्वर्या सिंह ने 14 एवं 15 अगस्त को उदयपुर में आयोजित होने वाले विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर के प्रांतीय रायला (त्ल्स्।) शिविर के पोस्टर का अतिथियों के हाथों विमोचन कराया। समारोह में क्लब की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन शालिनी भटनागर ने किया तथा अंत में सचिव अनिकेत शर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।