उदयपुर। अंजुमन तालीमुल इस्लाम की चौथी जनरल हाउस मीटिंग आज अंजुमन के सदर जनाब मुख़्तार कुरैशी की सदारत में श्रमजीवी कॉलेज सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जश्न-ए-ईद मीलादुन्नबी के बजट, जलसा एवं जुलूस के सफल, अनुशासित और गरिमामय आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए।
अंजुमन सेक्रेट्री मुस्तफा शेख ने बताया की बैठक के दौरान पूर्व में आयोजित कैबिनेट मीटिंग में हुए महत्वपूर्ण मशवरों को जनरल हाउस सदस्यों के समक्ष रखा गया, जिन पर विस्तार से विचार-विमर्श के बाद अधिकांश प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय इस प्रकार हैं:
* पिछली बार की तरह इस वर्ष भी जश्न-ए-ईद मीलादुन्नबी के सभी कार्यक्रमों एवं जुलूस में आतिशबाज़ी और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
* जुलूस में निजी वाहनों को शामिल नहीं किया जाएगा, ताकि व्यवस्था, सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखा जा सके।
* जुलूस के दौरान नात-ओ-मनक़बत पेश करने के लिए केवल अंजुमन से पूर्व अनुमति प्राप्त बैंड/साउंड वाहनों को ही शामिल होने की अनुमति होगी।
* रबीउल अव्वल के तोहफ़े के रूप में 1501 मदरसा स्कूल विद्यार्थियों को स्टेशनरी किट वितरित किए जाएंगे।
* नायब सदर फारूक कुरैशी ने जुलूस में शामिल होने वाले सभी अकीदतमंदों से अदब, एहतराम, अनुशासन और शरई उसूलों का पूरा ख़याल रखते हुए शामिल होने की अपील की।
जॉइन्ट सेक्रेट्री इज़हार हुसैन के साथ कैबिनेट मेंबर्स सैय्यद इरशाद अली, तनवीर चिश्ती, फिरोज बशीर खान, फखरुद्दीन शेख, एडवोकेट शहजाद, तौकीर रज़ा, मो. अनीस अब्बासी, हिदायतुल्ला, राशिद खान और सभी जनरल हाउस मेंबर्स ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि जश्न-ए-ईद मीलादुन्नबी का आयोजन पूरी शान-ओ-शौकत के साथ, लेकिन अमन, भाईचारे, अनुशासन और सुन्नत के मुताबिक़ किया जाए, ताकि यह मुहब्बत-ए-रसूल ﷺ, इत्तेहाद और सामाजिक सौहार्द का बेहतरीन पैग़ाम बन सके।
इस जनरल हाउस मीटिंग की सभी तैयारियां अज़हर खान, मोहम्मद अनीस अब्दुल वहीद, मोहम्मद इरफ़ान, ताहिर खान, मोहम्मद आरिफ, पुरुषोत्तम और अरशद द्वारा पूरी की जा सकी ।