जिला कलक्टर ने दरबारी गांव ग्रामीण सेवा शिविर का किया निरीक्षण,

( 442 बार पढ़ी गयी)
Published on : 13 Jul, 26 17:07

लाभार्थियों को बांटे आवासीय पट्टे, सहमति पत्र-

जिला कलक्टर ने दरबारी गांव ग्रामीण सेवा शिविर का किया निरीक्षण,

      जैसलमेर 13 जुलाई। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने ग्राम पंचायत दरबारी का गांव में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का औचक निरीक्षण किया एवं शिविर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ संवाद कर शिविर में हुए उनके कार्यो के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों के कामों का मौके पर निस्तारण कर उन्हें राहत दें।

      जिला कलक्टर जोरवाल ने ग्रामीणों को कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं की जो जानकारी दी जाती हैं, उसको सुने एवं उसका लाभ उठाए। उन्होंने पशुपालकों को कहा कि वे मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना में अपने पशुओं का अवश्य ही बीमा करायें ताकि पशुधन की हानि पर उन्हें बीमित राशि का पूरा लाभ मिलें। उन्होंने शिविर में राजस्व, पंचायतीराज के साथ ही अन्य विभागों द्वारा किए गये कार्यो की शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी भरत राज गुर्जर से जानकारी ली।

      जिला कलक्टर ने इस मौके पर लाभार्थियों को आवासीय पट्टों के साथ ही सहमति बंटवारा पत्र का वितरण किया। शिविर में उपखण्ड अधिकारी भरत राज गुर्जर ने शिविर में हुए कार्यो की विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर विकास अधिकारी महेश सिंह राठौड़, तहसीलदार जैसलमेर राजेन्द्र करण के साथ ही अन्य विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

      शिविर में राजस्व विभाग द्वारा एक सहमति बंटवारा प्रकरण का निस्तारण किया जाकर लोगों को राहत प्रदान की गई। इसी प्रकार 04 आबादी विस्तार के प्रस्ताव लिये गये, वहीं पंचायतीराज विभाग द्वारा 11 लाभार्थियों को आवासी पट्टे दिए गये। शिविर में चिकित्सा विभाग द्वारा ग्रामीणजनों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इसके साथ ही पशुपालन विभाग द्वारा 22 पशुपालकों के भेड़-बकरियों की मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की बीमा पॉलिसियां जारी की गई।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.