साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित

( 561 बार पढ़ी गयी)
Published on : 13 Jul, 26 18:07

-लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण एवं बजट घोषणाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश

साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित

श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
 जिला कलक्टर ने ई-फाइलों की समीक्षा करते हुए विभागवार लंबित प्रकरणों का गहन परीक्षण कर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-फाइलों के डिस्पोजल का समय कम करते हुए सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों एवं दैनिक जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों की भी समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
 बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों को स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला चिकित्सालय के बाहर जल निकासी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए यूआईटी विभाग को बरसात से पूर्व कार्य पूर्ण करने तथा वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सालय परिसर में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए कहा।
 ग्रामीण सेवा शिविरों की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने चिकित्सा अधिकारी को शिविरों में लिए गए मेडिकल सैंपलों की जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत समय पर पौधरोपण के लिए गड्ढे तैयार करवाने तथा नाला निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का जिला स्तरीय अधिकारी नियमित निरीक्षण कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग करें।
 बैठक में सर्किट हाउस में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में मरम्मत योग्य कमरों की मरम्मत समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
 जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को जिला चिकित्सालय, छात्रावासों एवं अन्य राजकीय भवनों से संबंधित निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। साथ ही यूआईटी को निर्माणाधीन नालों, सड़क कार्यों एवं जल निकासी व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में माय भारत (My Bharat) पोर्टल पर जिले की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त तक चलाए जा रहे विशेष पंजीयन अभियान के तहत जिले में 99,643 युवाओं के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 57,770 युवाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने सभी विभागों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के समन्वय से शेष लक्ष्य निर्धारित अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर अब तक 8,032 एनएसएस स्वयंसेवी, 2,476 एनसीसी कैडेट्सए 15,226 माय भारत स्वयंसेवी, 308 भारत स्काउट्स एवं गाइड्स सदस्य तथा 31,728 अन्य युवाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। साथ ही जिले के 27 महाविद्यालय एवं शिक्षण संस्थानों को My Bharat पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया जा चुका है।
 बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) श्री सुभाष कुमार, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री हरिराम चैहान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय सिंगला, श्रीमती प्रिया बजाज, श्री मंगत सेतिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.