शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने राउंड टेबल इंडिया के प्रयासों को सराहा

( 411 बार पढ़ी गयी)
Published on : 15 Jul, 26 15:07

फ्रीडम थू्र एज्यूकेशन’ अभियान को मिला सरकार का साथ,

 शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने राउंड टेबल इंडिया के प्रयासों को सराहा


उदयपुर,  राउंड टेबल इंडिया के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से अशोक क्लब में सौहार्दपूर्ण भेंट कर शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सेवा कार्यों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के निर्माण, उन्नयन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षा विभाग एवं राउंड टेबल इंडिया के बीच समन्वय को और सशक्त बनाना था।
बैठक में राउंड टेबल इंडिया एरिया-12 के चेयरमैन अनीश चौधरी एवं प्रोजेक्ट कन्वीनर अनुप नजवानी ने संस्था के प्रमुख सामाजिक अभियान ‘फ्रीडम थू्र एजुकेशन (शिक्षा से आज़ादी)’ की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले 27 वर्षों में संस्था ने देशभर में शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान देते हुए 3.78 मिलियन वर्गफीट शैक्षणिक आधारभूत ढांचे का निर्माण कराया है। इसके अंतर्गत 3,960 से अधिक शैक्षणिक परियोजनाएं, 10,040 आधुनिक कक्षाओं का निर्माण किया गया है, जिससे 1.10 करोड़ (11 मिलियन) से अधिक बच्चों को बेहतर शिक्षा का लाभ मिला है। इस अभियान में समाज के सहयोग से अब तक 537 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि राउंड टेबल इंडिया एरिया-12 आने वाले वर्षों में राजस्थान के अधिक से अधिक सरकारी विद्यालयों के निर्माण एवं आधुनिकीकरण के लिए शिक्षा विभाग के साथ मिलकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने राउंड टेबल इंडिया द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार और समाज की साझेदारी से ही प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने संस्था को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए सरकारी विद्यालयों के विकास में मिलकर कार्य करने की इच्छा व्यक्त की।
बैठक में राजस्थान में अधिक सरकारी विद्यालयों के निर्माण एवं उन्नयन, शिक्षा विभाग के साथ समन्वय एवं अनुमोदन प्रक्रिया को सरल बनाने, भामाशाहों और सामाजिक दानदाताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा शिक्षा के क्षेत्र में दीर्घकालीन सहयोग स्थापित करने जैसे विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक का सफल समन्वय जेआरटी-233 के वैभव गुप्ता ने किया। इस अवसर पर जयपुर की विभिन्न राउंड टेबल्स के चेयरमैन एवं प्रोजेक्ट कन्वीनर्स भी मौजूद रहे। राउंड टेबल इंडिया का ‘फ्रीडम थरू एजुकेशन’ अभियान देशभर में शैक्षणिक आधारभूत ढांचे को मजबूत कर लाखों बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.