कोटा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कोटा ने तत्परता और सतर्कता का परिचय देते हुए करीब ₹18.75 लाख मूल्य के स्वर्ण आभूषणों से भरा खोया हुआ हैंडबैग बरामद कर यात्री के परिजन को सुपुर्द कर दिया। आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई की यात्रियों और परिजनों ने सराहना की।
आरपीएफ के अनुसार, सुश्री मुस्कान खान पत्नी आफताब, निवासी नयापुरा, कोटा ने आरपीएफ पोस्ट कोटा पर सूचना दी कि उनकी रिश्तेदार श्रीमती शबीना खान पत्नी शब्बीर खान, निवासी सीआरपी लाइन, इंदौर, ट्रेन संख्या 22983 से कोटा से सारंगपुर की यात्रा के दौरान रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो-रिक्शा से उतरते समय अपना मैरून रंग का हैंडबैग ऑटो में ही भूल गई थीं।
सूचना मिलते ही निरीक्षक प्रभारी चोप सिंह डावर के निर्देशन में उप निरीक्षक कप्तान सिंह और आरक्षक अनिल की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर संबंधित ऑटो-रिक्शा और उसके चालक की पहचान कर उसे रेलवे स्टेशन पार्किंग क्षेत्र में तलाश लिया गया।
ऑटो की तलाशी लेने पर सीट पर रखा वही मैरून रंग का हैंडबैग सुरक्षित बरामद हो गया। बैग को आरपीएफ पोस्ट लाकर परिजनों की मौजूदगी में खोला गया, जिसमें चार सोने के कंगन, चार सोने की अंगूठियां, दो सोने के मंगलसूत्र, तीन जोड़ी सोने के झुमके, आधार कार्ड तथा मोबाइल चार्जर मिले। बरामद स्वर्ण आभूषणों का अनुमानित मूल्य ₹18.75 लाख आंका गया।
सभी दस्तावेजों और तथ्यों का सत्यापन कर स्वामित्व की पुष्टि होने के बाद विधिवत सुपुर्दगी पत्र तैयार कर गवाहों की उपस्थिति में बैग और उसमें रखा समस्त सामान सुश्री मुस्कान खान को सौंप दिया गया।
आरपीएफ कोटा की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और उनकी बहुमूल्य संपत्ति की रक्षा के लिए आरपीएफ पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।