पुरी, भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए रिलायंस फाउंडेशन ने 15 से 27 जुलाई तक विशेष सेवा अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क सात्विक भोजन, सुरक्षित पेयजल, पुलिस सहायता केंद्रों को सहयोग और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।

फाउंडेशन ने बताया कि रथयात्रा मार्ग के 50 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में स्थित करीब 90 पुलिस सहायता केंद्रों को सहयोग दिया जा रहा है। वहीं ड्यूटी पर तैनात लगभग 1,000 पुलिसकर्मियों के लिए शिफ्टवार सुरक्षित पेयजल, ओआरएस, हल्के जलपान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है।
रिलायंस फाउंडेशन के अनुसार, सेवा कार्यों के बेहतर समन्वय के लिए जीआईएस आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षित स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगे। अभियान के दौरान स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने कहा कि पुरी रथयात्रा करोड़ों लोगों की आस्था का पर्व है और श्रद्धालुओं के साथ-साथ सेवा में लगे पुलिसकर्मियों एवं स्वयंसेवकों की सेवा करना भगवान जगन्नाथ की सेवा का ही एक स्वरूप है।
रिलायंस फाउंडेशन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासन और स्थानीय संस्थाओं के सहयोग से रथयात्रा में शामिल होने वाले 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाना है।
रिलायंस फाउंडेशन पिछले वर्षों में भी पुरी रथयात्रा के दौरान विभिन्न सेवा कार्यों में सहयोग करता रहा है। इस वर्ष अभियान का दायरा बढ़ाते हुए श्रद्धालुओं और सेवा में जुटे कर्मियों दोनों के लिए व्यापक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।