मौसमी बीमारियों की प्रभावी रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय,

( 265 बार पढ़ी गयी)
Published on : 16 Jul, 26 11:07

जिला कलक्टर ने जारी किए दिशा-निर्देश

डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए

विभागों को सौंपे गए कार्य व दायित्व

जैसलमेर। मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की प्रभावी रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने अंतर्विभागीय समन्वय के माध्यम से जिले में व्यापक मच्छररोधी एवं जनजागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार मानसून एवं इसके पश्चात डेंगू और मलेरिया के मामलों में संभावित वृद्धि को देखते हुए मच्छरों की ट्रांसमिशन श्रृंखला को तोड़ने के लिए सभी विभागों को समन्वित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से जिन क्षेत्रों में हाउस इंडेक्स अधिक है, वहां नियमित एंटी-लार्वल गतिविधियां संचालित करने एवं साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला कलक्टर ने निर्देशित किया है कि सेनेटरी इंस्पेक्टर, सफाईकर्मी तथा स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों को लार्वा पहचान एवं एंटी-लार्वल गतिविधियों का आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि रोकथाम अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

आदेशानुसार प्रत्येक रविवार को श्ड्राई डेश् के रूप में मनाते हुए आमजन को घरों एवं आसपास जमा पानी हटाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं प्रत्येक शुक्रवार को सभी राजकीय एवं निजी कार्यालयों में विशेष मच्छररोधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिससे संक्रमण की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।

जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनके दायित्व आवंटित करते हुए निर्देश दिए हैं कि वे पूर्ण जिम्मेदारी, गंभीरता एवं समन्वय के साथ निर्धारित कार्यों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए है कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे अपने घरों एवं आसपास पानी का ठहराव नहीं होने दें, स्वच्छता बनाए रखें एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम में प्रशासन का सक्रिय सहयोग करें।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.