उदयपुर। रोटरी क्लब अशोका की ओर से आगामी 8 अगस्त को “देशभक्ति उत्सव” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उदयपुर सहित रोटरी डिस्ट्रिक्ट के सभी रोटेरियन्स को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन गुरुवार को हुआ।
रोटरी क्लब अशोका के चार्टर अध्यक्ष रोटेरियन मुकेश माधवानी ने बताया कि रोटरी डिस्ट्रिक्ट के गवर्नर रोटेरियन अरुण बगड़िया के मार्गदर्शन में प्रत्येक माह रोटरी सदस्यों के लिए फेलोशिप डिनर, नेटवर्किंग एवं गेट-टुगेदर कार्यक्रम आयोजित करने की प्रेरणा दी गई है, ताकि रोटरी की सेवाओं और गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
रोटरी क्लब उदयपुर अशोका के अध्यक्ष रोटेरियन आलोक गुप्ता ने बताया कि इसी कड़ी में रोटरी क्लब अशोका ने पहल करते हुए अगस्त माह को देशभक्ति की भावना से जोड़ते हुए 8 अगस्त को विशेष आयोजन रखने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर “एक शाम देशभक्ति के नाम” आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी रोटेरियन्स देशभक्ति के गीत प्रस्तुत करेंगे, देशहित से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे तथा आपसी सौहार्द और फेलोशिप को और अधिक मजबूत करेंगे।
सेक्रेटरी रोटेरियन डॉ. पूजा देविजा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान इस बात पर भी चर्चा होगी कि रोटरी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों को समाज के अधिकाधिक लोगों तक कैसे पहुंचाया जाए तथा पूरे देश में रोटरी की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से कैसे आगे बढ़ाया जाए।
पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन राहुल माखीजा ने बताया कि यह आयोजन केवल देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सभी रोटेरियन्स के बीच आपसी जुड़ाव, संवाद और संगठनात्मक एकता को भी नई मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने सभी रोटेरियन्स से परिवार सहित कार्यक्रम में सहभागिता कर इसे सफल बनाने का आग्रह किया।