एमबीएम एलुमनी एसोसिएशन श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ का स्नेह मिलन समारोह हुआ संपन्न

( 711 बार पढ़ी गयी)
Published on : 20 Jul, 26 05:07

एमबीएम एलुमनी एसोसिएशन श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ का स्नेह मिलन समारोह हुआ संपन्न

श्रीगंगानगर । जोधपुर के प्रसिद्ध एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के पूर्व छात्रों का हार्दिक स्नेह मिलन रविवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित होटल ग्रैंड इन में धूमधाम से आयोजित हुआ। एमबीएम एलुमनी एसोसिएशन श्रीगंगानगर एवं हनुमानगढ़ शाखा द्वारा आयोजित इस गेट टू गेदर कार्यक्रम में संस्था के लगभग 60 पूर्व छात्र सपरिवार शामिल हुए। पूरा कार्यक्रम स्मृतियों, प्रेरणा और सांस्कृतिक उल्लास से भरा रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ जोधपुर एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के संस्थापक मुगनीराम बांगड़ और प्रथम प्रिंसिपल वीजी गरड़े के चित्रों के समक्ष माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके बाद इंजीनियरिंग प्रार्थना हुई। प्रार्थना के उपरांत दिवंगत पूर्व छात्रों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया, जिसमें सभा में गहरी श्रद्धा का भाव उभरा।

मांगीराम बिश्नोई ने स्वागत भाषण दिया जबकि अरुण अरोड़ा ने गेट टूगेदर के इतिहास पर विस्तृत उद्बोधन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात परिचय सत्र शुरू हुआ। कनिष्ठ बैच से लेकर वरिष्ठ बैच तक विभिन्न शाखाओं के पूर्व छात्रों ने सपरिवार अपना परिचय दिया। हर परिचय के बाद हॉल में जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ इंजीनियरों ने युवा पीढ़ी को प्रेरित करने वाले महत्वपूर्ण संदेश दिए। इंजीनियर बंशीधर जिंदल ने कहा कि अभियंताओं को नौकरी की तरफ न दौड़कर अपना स्वयं का काम शुरू करना चाहिए। इससे वे अपने माता-पिता की सेवा कर पाएंगे और नए अभियंताओं को रोजगार देने वाले भी बनेंगे।

इसके अलावा जसविंदरसिंह लुधियाना, काशीराम भादू पूर्व मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी, मिनिस्ट्री ऑफ पैट्रोलियम दिल्ली के एडवाइजर डायरेक्टर जनरल, मेजर जनरल प्रवीण माथुर, अतिरिक्त शासन सचिव एवं मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग राजस्थान अमरजीतसिंह मेहरड़ा, शिक्षाविद एमपी पूनिया डायरेक्टर बाबा फरीद यूनिवर्सिटी बठिंडा, मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग हनुमानगढ़ प्रदीप रुस्तगी, एमबीएम एलुमनी एसोसिएशन जोधपुर अध्यक्ष विपुल कोचर और एसटीपीएस थर्मल से पुरुषोत्तम धारीवाल ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता पर युवा इंजीनियरों को मोटिवेशनल उद्बोधन दिए।

महिलाओं और बच्चों ने कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया। उन्होंने खेलकूद, युगल गीत, सोलो गीत और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्होंने पूरे स्नेह मिलन को रोचक और यादगार बना दिया।

कार्यक्रम की सफलता में प्रबंध समिति की अहम भूमिका रही। सत्यप्रकाश गर्ग अध्यक्ष, श्रवण सहारण सचिव, जितेंद्र जिंदल वित्त सचिव, आत्मा सिंह प्रचार मंत्री, अरुण अरोड़ा, मांगीराम बिश्नोई, योगेश शर्मा सहित अन्य संरक्षकों और सदस्यों के अथक प्रयासों से यह आयोजन बेहद सुव्यवस्थित और भावपूर्ण रहा।

यह गेट टूगेदर पूर्व छात्रों के बीच पुरानी मित्रता को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला सफल कार्यक्रम सिद्ध हुआ। एलुमनी एसोसिएशन भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने की योजना बना रहा है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.