आईआईआरएफ रैंकिंग 2026 में राजस्थान विद्यापीठ के बीसीए और बीबीए पाठ्यक्रमों को मिला राजस्थान में प्रथम रैंक

( 1018 बार पढ़ी गयी)
Published on : 20 Jul, 26 09:07

कुलपति प्रो. कर्नल (मानद) एस.एस. सारंगदेवोत के दूरदर्शी नेतृत्व में विद्यापीठ ने स्थापित किया सफलता का नया कीर्तिमान

आईआईआरएफ रैंकिंग 2026 में राजस्थान विद्यापीठ के बीसीए और बीबीए पाठ्यक्रमों को मिला राजस्थान में प्रथम रैंक

उदयपुर  उच्च शिक्षा और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहे जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड-टू-बी विश्वविद्यालय), उदयपुर के नाम आज एक और ऐतिहासिक गौरवपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। प्रतिष्ठित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (आईआईआरएफ) 2026 की नवीनतम रैंकिंग में विद्यापीठ के दो पाठ्यक्रमों ने पूरे राजस्थान राज्य में प्रथम स्थान हासिल कर संस्थान का परचम फहराया है।

आईआईआरएफ 2026 की जारी सूची के अनुसार, विद्यापीठ के बीसीए और बीबीए पाठ्यक्रमों को राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

दूरदर्शी नेतृत्व और समर्पण का परिणाम

इस ऐतिहासिक सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए माननीय कुलपति प्रो. कर्नल (मानद) एस.एस. सारंगदेवोत ने कहा कि 1937 में मनीषी पंडित जनार्दन राय नागर (जनु भाई) द्वारा श्रमजीवी, वंचित और आदिवासी वर्ग को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से रोपे गए इस पौधे ने आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले लिया है। उन्होंने कहा कि यह रैंकिंग केवल एक संख्या नहीं है, बल्कि यह विद्यापीठ के निष्ठावान कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण और खुली आँखों से देखे गए उस सपने का प्रतीक है, जो इस संस्था को विश्व पटल पर एक विशिष्ट पहचान दिलाने की ओर अग्रसर है।

प्रो. सारंगदेवोत ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रयासों की सराहना करते हुए सभी संकाय सदस्यों, कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता, आधुनिक अधोसंरचना, डिजिटल संसाधनों तथा विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा प्रणाली का प्रतिफल है।

उद्देश्यों की पूर्ति में सफल रहा है विद्यापीठ

कुलसचिव डॉ. तरुण श्रीमाली ने सटीक डेटा एकीकरण और सफल प्रयासों के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस उत्कृष्ट रैंकिंग का आना इस बात की पुष्टि करता है कि विद्यापीठ अपने मूल उद्देश्यों को पूरा करने में निरंतर सफल रहा है।

यूनिवर्सिटी रैंकिंग कोऑर्डिनेटर डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी ने बताया कि अकादमिक जगत के विशेषज्ञों द्वारा ठोस विश्लेषण और कड़े मापदंडों, अंतरराष्ट्रीय मानकों पर शिक्षण, अत्याधुनिक डिजिटल संसाधन, अनुसंधान, प्लेसमेंट जैसे महत्वपूर्ण अंगों पर यह रैंकिंग प्राप्त हुई है।

इस अवसर पर डॉ. यज्ञ आमेटा, डॉ. विकास डांगी, डॉ. ललित सालवी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी विद्यापीठ ने शैक्षणिक प्रदर्शन की राष्ट्रीय सांख्यिकी में देश के शीर्ष 50 विश्वविद्यालयों में स्थान बनाने के साथ-साथ आईआईआरएफ की इम्पैक्ट रैंकिंग में देश में 39वां और उदयपुर में प्रथम स्थान सहित अन्य रैंकिंग प्राप्त कर अपनी तकनीकी और सामाजिक प्रासंगिकता को सिद्ध किया है। यह गौरवपूर्ण परिणाम घोषित होने पर संपूर्ण विद्यापीठ परिसर में उत्साह और हर्ष का माहौल है।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.