शैक्षणिक सेमिनार में बच्चों को दी कैरियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हेतु दिए टिप्स

( 1225 बार पढ़ी गयी)
Published on : 20 Jul, 26 16:07

शैक्षणिक सेमिनार में बच्चों को दी कैरियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हेतु दिए टिप्स

पार्थ कोचिंग क्लासेज एवं करियर एकेडमी, विकास कंप्यूटर सेंटर एवं द ब्रिलियंट ब्रेन्स अभियान के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को कल्याणपुर कस्बे में निःशुल्क करियर काउंसलिंग एवं शैक्षणिक सेमिनार का आयोजन हुआ।

सेमिनार के मुख्य वक्ता जिले के सहायक जनसंपर्क अधिकारी जयेश पण्डया द्वारा विद्यार्थियों को 10वीं एवं 12वीं के बाद विभिन्न संकायों और विषयों के आधार पर उपलब्ध करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि अपनी रुचि, क्षमता एवं लक्ष्य के अनुरूप सही करियर का चयन कैसे करें और विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के अवसर किस प्रकार प्राप्त किए जा सकते हैं। इस दौरान अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन, अध्ययन की प्रभावी तकनीकों तथा सकारात्मक सोच के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को आगामी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए सफलता प्राप्त करने के व्यावहारिक सुझाव दिए गए।

संस्थान के निदेशक राजकुमार प्रजापत ने सरकारी एवं निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, आवश्यक कौशल तथा भविष्य की संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। सेमिनार के दौरान आसपास क्षेत्र के स्कूली विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और करियर संबंधी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर विकास कंप्यूटर सेंटर के रणजीत परमार, संस्थान स्टाफ कोमल प्रधान, संगीता रोहिल्ला आदि मौजूद रहे।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.