जिला शतरंज संघ, उदयपुर की नवीन कार्यकारिणी द्वारा रविवार को कैसल माइंड चेस एकेडमी, सेक्टर-5 में राजस्थान स्टेट अंडर-13 शतरंज चैम्पियनशिप-2026 के लिए जिला चयन ट्रायल आयोजित किया गया। आगामी 25 एवं 26 जुलाई को चित्तौड़गढ़ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु बालक एवं बालिका वर्ग से दो-दो खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयन ट्रायल जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंहवी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
बालक वर्ग में लव अग्रवाल ने प्रथम, सुज्योत मनोज काले ने द्वितीय, रिधान जैन ने तृतीय, रुद्रांश जोशी ने चतुर्थ, दिव्यांश माथुर ने पंचम, शौर्य आयुष चौधरी ने षष्ठ, मौर्य कटारिया ने सप्तम तथा रुद्र जोशी ने अष्टम स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में विहाना कोठारी प्रथम, लोरिशा कोठारी द्वितीय, पारिधि लोढ़ा तृतीय, जेसवी चौबीसा चतुर्थ तथा एसीएम हिमानी छापरवाल पंचम स्थान पर रहीं।
बालक वर्ग से लव अग्रवाल एवं सुज्योत मनोज काले, जबकि बालिका वर्ग से विहाना कोठारी एवं लोरिशा कोठारी का चयन राजस्थान स्टेट अंडर-13 शतरंज चैम्पियनशिप के लिए किया गया। जिला शतरंज संघ द्वारा चयनित सभी खिलाड़ियों की राज्य प्रतियोगिता की प्रवेश शुल्क राशि वहन की जाएगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष राजेन्द्र सिंहवी ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए राज्य प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। आयोजन में संयुक्त सचिव रिचीन जैन, उपाध्यक्ष कुशल पटेल सहित जिला शतरंज संघ, उदयपुर की नवीन कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।