जैसलमेर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगरीय विकास एवं आवासन विभाग द्वारा संचालित शहरी सेवा शिविर अभियान 2026 के फॉलोअप शिविर 21 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 तक समस्त न्यास क्षेत्राधिकार में आयोजित किया जाना निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण, विभिन्न शहरी सेवाओं का लाभ करना, नवीन आवेदन एवं लंबित प्रकरणों का निस्तारण, पट्टा संबंधी कार्यवाही (90ए, सुओमोटो), स्वच्छता, सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जनहितकारी कार्यों का प्रभावी कियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
नगर विकास न्यास सचिव, सुखराम पिण्डेल ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रमानुसार 21 से 24 जुलाई, 27 से 31 जुलाई, 03 अगस्त से 07 अगस्त, 10 से 14 अगस्त, 17 से 21 अगस्त, 24 से 25 अगस्त, 27 अगस्त एवं 31 अगस्त तक शहरी सेवा शिविर अभियान 2026 के फॉलोअप शिविरों का आयोजन नगर विकास न्यास कार्यालय में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक किया जाएगा।
सचिव ने नगर विकास न्यास के अधिकारियों व कार्मिकों को इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आमजन को जन कल्याणकारी योजनाओं से अधिाकाधिक लाभान्वित करने एवं समस्याओं का समाधान करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि अभियान अवधि में प्राप्त समस्त आवेदन/परिवेदनाओं का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। साथ ही शिविर कार्यकम राजकीय अवकाश के अतिरिक्त समस्त कार्य दिवस में रहेगा एवं नोडल अधिकारी संबंधित कार्मिकों को पूर्व तैयारी करवाया जाना सुनिश्चित करेंगे तथा शिविर अवधि से पूर्व 30 मिनट में उस दिवस की कार्ययोजना व अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने बताया कि न्यास क्षेत्र में लंबित पट्टा (90ए, सुओमोटो), भूमि आवंटन, नामांतरण, लीज, भू-उपयोग परिवर्तन एवं अन्य भूमि संबंधी प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा। वहीं न्यास क्षेत्र में आवश्यकतानुसार साफ-सफाई, नालियों की सफाई, जल निकासी, सड़क मरम्मत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
नगर विकास न्यास सचिव ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए बहादुर सिंह अधिशाषी अभियंता (मो. 9413399626) नगर विकास न्यास, जैसलमेर को सहायक प्रभारी अधिकारी एवं सत्यप्रकाश खत्री, भूमि अवाप्तिः अधिकारी, प्रभारी अधिकारी (मो. 8209301317) को नियुक्त किया गया है। प्रभारी अधिकारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी अभियान से संबंधित समस्त शाखाओं के मध्य समन्वय स्थापित कर प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण की मॉनिटरिंग, दैनिक प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि अभियान अवधि में किसी भी स्तर पर लापरवाही, विलम्ब अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे।