श्रीगंगानगर। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) के क्षेत्रीय निदेशक श्री सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ अपने सर्वांगीण विकास को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने यह बात डीएवी महाविद्यालय में आयोजित आमुखीकरण कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा स्थापित वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय राज्य का एकमात्र खुला विश्वविद्यालय है, जिसमें विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
श्री शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय में बीए, बीएससी, लाइब्रेरी साइंस, पत्रकारिता सहित विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ एमए, कंप्यूटर विज्ञान एवं गणित में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त पत्रकारिता, कंप्यूटर, योग तथा एमबीए जैसे रोजगारपरक एवं व्यवहारिक विषयों में भी प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है। विश्वविद्यालय ने इस वर्ष ‘‘डिप्लोमा इन कंप्यूटर अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट’’ नामक नया पाठ्यक्रम प्रारंभ किया है। साथ ही फलित ज्योतिष एवं कर्मकांड में प्रमाण-पत्र कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रोफेशनल पाठ्यक्रम एमबीए में बिना प्रवेश परीक्षा के पात्रता संबंधी दस्तावेज पूर्ण करने पर प्रवेश दिया जा रहा है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय ने प्रवेश के समय पाठ्य सामग्री नहीं लेने पर कुल फीस में 15 प्रतिशत की छूट का प्रावधान किया है।
कार्यक्रम में बताया गया कि महिला विद्यार्थियों को वि,वविद्यालय में निःशुल्क उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर दिया जा रहा है। महिला विद्यार्थियों की फीस का पुनर्भरण राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।
वीएमओयू में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत सेमेस्टर प्रणाली लागू की गई है। वर्तमान सत्र में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं दिसंबर 2026 में आयोजित होंगी। विश्वविद्यालय प्रथम एवं द्वितीय दोनों सेमेस्टरों में एक साथ प्रवेश दे रहा है, जिसमें परीक्षा शुल्क, पाठ्य सामग्री शुल्क एवं अन्य शुल्क शामिल हैं। विश्वविद्यालय में प्रमोटी प्रवेश की व्यवस्था भी जारी है।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अनूपगढ़, पदमपुर, रायसिंहनगर, नोहर एवं चूरू सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 18 अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर प्रायोगिक शिविर, परीक्षाएं एवं आंतरिक गृहकार्य जमा कराने की सुविधा उपलब्ध है।
निदेशक ने बताया कि वि,वविद्यालय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में 30 प्रतिशत अंक आंतरिक मूल्यांकन के लिए निर्धारित हैं। विद्यार्थी आंतरिक गृहकार्य जमा कर अपने परीक्षा परिणाम में अतिरिक्त अंक प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थी नजदीकी ई-मित्र केंद्र अथवा नेट बैंकिंग के माध्यम से ऑनलाइन शुल्क जमा कर घर बैठे प्रवेश ले सकते हैं। प्रवेश लेने के बाद आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी विश्वविद्यालय में जमा कराने की आवश्यकता नहीं होगी। विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया एवं पाठ्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.vmou.ac.in पर प्राप्त कर सकते हैं।