ग्रामीण सेवा फॉलो-अप शिविर का अतिरिक्त जिला कलक्टर ने किया औचक निरीक्षण

( 385 बार पढ़ी गयी)
Published on : 22 Jul, 26 17:07

सेवाओं की गुणवत्ता, राहत कार्यों एवं प्रकरणों के निस्तारण की परखी हकीकत

       जैसलमेर । राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्रामीण सेवा एवं फॉलो-अप शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग के तहत अतिरिक्त जिला कलक्टर परसा राम सैनी ने मंगलवार को पंचायत समिति सम की ग्राम पंचायत कुछड़ी में आयोजित ग्रामीण सेवा एवं फॉलो-अप शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं, राहत कार्यों एवं प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की स्थिति का गहनता से अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

       निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर सैनी ने विभागवार स्टॉलों का भ्रमण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, आवेदन निस्तारण की प्रक्रिया तथा फॉलो-अप कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से लंबित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

      उन्होंने पूर्व में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्रवाई की भी समीक्षा करते हुए कहा कि फॉलो-अप शिविरों का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी पात्र लाभार्थी को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाए एवं सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान किया जाए।

       अतिरिक्त जिला कलक्टर ने राजस्व, पंचायती राज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, विद्युत, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों से कार्यप्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा एवं फॉलो-अप शिविर जनसुनवाई और त्वरित समस्या समाधान का प्रभावी माध्यम हैं। अधिकारी संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें।

      निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति सम के प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, ग्राम विकास अधिकारी, सरपंच, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.