बरसों की पहचान की समस्या हुई दूर, ग्रामीण सेवा शिविर ने मोटूराम के जीवन में लौटाई मुस्कान

( 317 बार पढ़ी गयी)
Published on : 22 Jul, 26 17:07

बरसों की पहचान की समस्या हुई दूर, ग्रामीण सेवा शिविर ने मोटूराम के जीवन में लौटाई मुस्कान

         जैसलमेर । सरकार की जनकल्याणकारी पहल ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन के जीवन में वास्तविक बदलाव का माध्यम बन रही है। पंचायत समिति फतेहगढ़ की ग्राम पंचायत भाड़ली में आयोजित फॉलोअप शिविर ने एक ऐसे ग्रामीण की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कर दिया, जो लंबे समय से अपने नाम में त्रुटि के कारण सरकारी कार्यों और योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना कर रहा था।

ग्राम पंचायत भाड़ली निवासी मोटूराम पुत्र मालाराम के नाम में राजस्व अभिलेखों में दर्ज त्रुटि उनके लिए वर्षों से परेशानी का कारण बनी हुई थी। नाम सही नहीं होने से उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, दस्तावेजों का उपयोग करने तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में बार-बार दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई प्रयासों के बावजूद समाधान नहीं निकल पाया था।

       ग्रामीण सेवा शिविर में अपनी समस्या रखते ही अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी फतेहगढ़ के निर्देशन तथा सहायक शिविर प्रभारी महेशजी एवं मेहराराम प्रजापत के कुशल समन्वय में नाम शुद्धिकरण की संपूर्ण प्रक्रिया त्वरित गति से पूरी की गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होते ही मोटूराम को संशोधित दस्तावेज मौके पर ही सौंप दिए गए।

       संशोधित दस्तावेज हाथ में लेते ही मोटूराम के चेहरे पर वर्षों की चिंता समाप्त होने की खुशी साफ दिखाई दी। भावुक होकर उन्होंने कहा कि आज मुझे मेरी सही पहचान वापस मिली है। अब सरकारी कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, जिला प्रशासन एवं शिविर में कार्यरत अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं।

      ग्राम पंचायत भाड़ली में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर केवल मोटूराम की समस्या का समाधान करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अनेक ग्रामीणों के लंबित प्रकरणों का भी मौके पर निस्तारण किया गया एवं पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया। यह शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन, त्वरित सेवा, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है, जहां आमजन को बिना भटकाव के एक ही स्थान पर राहत और अधिकार दोनों मिल रहे हैं।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.