जिला कलक्टर ने किया बड़गांव क्षेत्र के विद्यालयों का निरीक्षण

( 598 बार पढ़ी गयी)
Published on : 23 Jul, 26 16:07

शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों की  ली टोह

जिला कलक्टर ने किया बड़गांव क्षेत्र के विद्यालयों का निरीक्षण

उदयपुर। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने गुरुवार को बड़गांव उपखंड के विभिन्न राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुखेर का दौरा कर विज्ञान प्रयोगशाला, आईसीटी लैब, पुस्तकालय,संविधान कक्ष,बाल वाटिका, विद्यालय परिसर की स्वच्छता तथा संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने डीएमएफटी योजना के तहत कराए गए विकास कार्य-ड्रॉम निर्माण का निरीक्षण करते हुए उनकी गुणवत्ता की जांच की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रेबारियों का गुड़ा का निरीक्षण किया। यहां डीएमएफटी मद से निर्माणाधीन दो नए कक्षों एवं पुस्तकालय का अवलोकन कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। साथ ही विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं तथा अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को विद्यालयों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग करने तथा विद्यार्थियों के हित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बड़गांव उपखंड अधिकारी मनसुख डामोर, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी किरण कोटिया (बड़गांव), अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विनोद शर्मा, समसा के अभियंता एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.