डिजिटल साक्षरता एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जैसलमेर। महिला अधिकारिता विभाग, जैसलमेर के संरक्षण अधिकारी भादर राम के मार्गदर्शन में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोकला में जाजम बैठक एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं एवं किशोरियों के लिए डिजिटल साक्षरता एवं साइबर जागरूकता विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संरक्षण अधिकारी भादर राम ने प्रतिभागियों को घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 तथा शी-बॉक्स पोर्टल की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके साथ ही वन स्टॉप सेंटर, लाड़ो योजना, शिक्षा सेतु अभियान के तहत प्रारंभ निःशुल्क स्टेट ओपन विद्यालय प्रवेश, 181 महिला हेल्पलाइन, कालीबाई भील उड़ान योजना, महिला सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र तथा पन्नाधाय सुरक्षा एवं सलाह केंद्र सहित महिला एवं बालिका कल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कानूनों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर बालिकाओं एवं किशोरियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने के संबंध में भी जागरूक किया गया। इसके साथ ही विद्यालय की आंतरिक परिवाद समिति की सदस्य विद्यालय का समस्त महिला स्टाफ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, साथिन एवं ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को “बाल विवाह मुक्त भारत“ अभियान के तहत बाल विवाह न करने एवं न होने देने की शपथ दिलाई गई।