अंतरराज्यीय तस्करी रैकेट की अहम कड़ी टूटी

( 533 बार पढ़ी गयी)
Published on : 24 Jul, 26 16:07

के डी अब्बासी 

अंतरराज्यीय  तस्करी रैकेट की अहम कड़ी टूटी

कोटा। कोटा शहर पुलिस ने ऑपरेशन गरुड़व्यूह फेज-2 के तहत मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चित्तौड़गढ़ से पंजाब तक फैले अंतरराज्यीय डोडा चूरा तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। थाना रेलवे कॉलोनी पुलिस ने 54 किलो 940 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा के साथ पंजाब के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर तस्करी के एक बड़े रूट की अहम कड़ी तोड़ दी।
पुलिस अधीक्षक तेजस्वीनी गौतम ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाषचंद मिश्रा के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी द्वितीय डॉ. पूनम के सुपरविजन में थाना रेलवे कॉलोनी के थानाधिकारी सीआई रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने टीटीई विश्राम गृह के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को दो ट्रॉली बैग और दो हैंड बैग सहित रोका। तलाशी लेने पर चारों बैगों से कुल 54 किलो 940 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगनदीप उर्फ गगन (20) और आकाशदीप सिंह (19) निवासी रामपुरा फूल, जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों रिश्तेदार हैं और लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय बताए जा रहे हैं।
ऐसे चलता था तस्करी का खेल
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चित्तौड़गढ़ और आसपास के अफीम उत्पादक क्षेत्रों से सस्ते दामों में डोडा चूरा खरीदकर कोटा के रास्ते ट्रेन से पंजाब ले जाते थे। पुलिस से बचने के लिए वे सामान्य रेल यात्रियों की तरह यात्रा करते, बैगों में पार्सल की तरह मादक पदार्थ भरकर ले जाते तथा हर बार बस और ट्रेन के अलग-अलग रूट अपनाते थे।
कोटा पुलिस इस अंतरराज्यीय तस्करी रूट पर लंबे समय से निगरानी रखे हुए थी। लगातार खुफिया निगरानी और योजनाबद्ध कार्रवाई के बाद पुलिस को इस नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी तोड़ने में सफलता मिली है।
मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच थाना भीमगंजमंडी को सौंपी गई है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, सप्लायरों और खरीदारों की तलाश में जुटी है।
रेलवे कॉलोनी थाना की लगातार बड़ी कार्रवाई
वर्ष 2026 में थाना रेलवे कॉलोनी पुलिस अब तक मादक पदार्थ तस्करी के 8 प्रकरण दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें 7 अंतरराज्यीय तस्कर शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई में सीआई रामस्वरूप मीणा, धर्मवीर सिंह, अजीत, लक्ष्मण, विनोद एवं मदनलाल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.