उदयपुर। उदयपुर की जगत निवास होटल के रूफटॉप रेस्टोरेंट से पिछोला झील में गिरने से एक मासूम बच्ची की हुई दर्दनाक मौत पर कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता एवं पार्षद फिरोज अहमद शेख ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिरोज अहमद शेख ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध पिछोला झील, जो उदयपुर की पहचान और पर्यटन का प्रमुख आकर्षण है, उसके आसपास संचालित हो रहे कई रूफटॉप रेस्टोरेंट और कैफे सुरक्षा मानकों तथा पर्यावरणीय नियमों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उनका आरोप है कि सिटी पैलेस, गणगौर घाट और अंबराई घाट के आसपास झील किनारे अनेक रूफटॉप बार और रेस्टोरेंट बिना आवश्यक फायर एनओसी एवं पर्यावरणीय अनुमति के संचालित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे क्षेत्र में संचालित ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच करनी चाहिए और जिन संस्थानों के पास आवश्यक अनुमतियां या सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
शेख ने मांग की कि मृत बच्ची के परिजनों को होटल प्रबंधन एवं प्रशासन की ओर से उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार सभी व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने यह भी मांग की कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले और नियमों के विपरीत संचालित सभी अवैध रूफटॉप रेस्टोरेंट्स एवं कैफे के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए, जिससे पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।