नशा मुक्त युवा- विकसित भारत अभियान: राष्ट्रीय मंच पर चमकेगी उदयपुर के युवाओं की प्रतिभा, प्रतियोगिताओं हेतु पंजीकरण प्रारंभ
29 जुलाई को गुरु नानक गर्ल्स पीजी कॉलेज में होंगी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएँ 28 जुलाई तक माय भारत पोर्टल पर करें ऑनलाइन आवेदन
उदयपुर, भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित माय भारत उदयपुर द्वारा गुरु नानक गर्ल्स पीजी कॉलेज के सहयोग से ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता युवाओं को नशामुक्ति का संदेश देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी। प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार 29 जुलाई प्रातः 11 बजे हिरण मगरी, सेक्टर-4 स्थित गुरु नानक गर्ल्स पीजी कॉलेज में किया जाएगा। संस्थान को इस आयोजन का आधिकारिक सहयोगी एवं आयोजन स्थल बनाया गया है।
कला, साहित्य और रचनात्मकता का मिलेगा मंच
जिला युवा अधिकारी समीर खान ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के अंतर्गत युवा लोकगीत, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, वाद-विवाद/भाषण, 60 सेकंड की लघु फिल्म एवं लघु वीडियो निर्माण, स्लोगन लेखन तथा स्लैम पोएट्री सहित कुल 8 प्रतियोगिता श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग
प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग लेने के पात्र होंगे। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक प्रतियोगिता में ही भाग ले सकेगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तर तथा उसके पश्चात राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक प्रतिभागी 28 जुलाई 2026 तक माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण पूर्ण करें। इसके पश्चात प्रोफाइल में जाकर वाॅलिन्टियर फाॅर भारत अनुभाग का चयन करें। कार्यक्रम श्रेणी में ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ प्रतियोगिता का चयन करें। इसके पश्चात अपनी इच्छित प्रतियोगिता में आवेदन करें। आवेदन करते समय कार्यक्रम उदयपुर जिले का चयन करना अनिवार्य है।
जिला युवा अधिकारी श्री समीर खान ने जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), युवा मंडलों एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक युवाओं को इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।