चित्तौड़गढ़। राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप-2026 के लिए राजस्थान राज्य अंडर-13 (बालक एवं बालिका वर्ग) चयन प्रतियोगिता का आयोजन चित्तौड़गढ़ जिला शतरंज संघ द्वारा महेश भवन, प्रताप नगर, गुरुद्वारे के पास, चित्तौड़गढ़ में 25 व 26 जुलाई 2026 को किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के होनहार बाल एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें उदयपुर के खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक और ट्रॉफियां अपने नाम कीं।
बालक वर्ग में उदयपुर के रिशान जैन ने साढ़े छह अंकों के साथ पूरे टूर्नामेंट में प्रथम स्थान प्राप्त किया और चैंपियन बनते हुए ₹2,500 नकद पुरस्कार व ट्रॉफी जीती। वहीं अंडर-7 आयु वर्ग में उदयपुर के रामनीक सिंह सलूजा ने साढ़े चार अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल कर ₹250 नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी अपने नाम की।
बालिका वर्ग में उदयपुर की बेटियों ने भी परचम लहराया। विहाना कोठारी (अंडर-11 वर्ग की खिलाड़ी) ने छह अंकों के साथ ओवरऑल तीसरा स्थान प्राप्त कर ₹1,500 नकद पुरस्कार व ट्रॉफी जीती।
अंडर-9 आयु वर्ग में उदयपुर की प्रिशा कटारिया ने पांच अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर ₹250 नकद पुरस्कार व ट्रॉफी जीती, तथा अंडर-7 आयु वर्ग में विहाना गोखरू ने साढ़े तीन अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर ₹250 नकद पुरस्कार व ट्रॉफी अपने नाम की।
लोरिशा कोठारी ने साढ़े पांच अंकों के साथ छठा स्थान तथा परिधि लोढ़ा ने पांच अंकों के साथ सातवां स्थान हासिल करते हुए दोनों ने ₹250-₹250 नकद पुरस्कार व ट्रॉफी अर्जित की।
उदयपुर के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर ज़िला शतरंज संघ की नवीन कार्यकारिणी की और से बधाइया दी गई । सभी विजेता खिलाड़ी अब आगामी राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप-2026 में राजस्थान राज्य का प्रतिनिधित्व करने के पात्र होंगे।