पटाखा फैक्ट्री रोड की जर्जर स्थिति से आमजन परेशान, तत्काल पुनर्निर्माण की मांग

( 394 बार पढ़ी गयी)
Published on : 27 Jul, 26 17:07

पटाखा फैक्ट्री रोड की जर्जर स्थिति से आमजन परेशान, तत्काल पुनर्निर्माण की मांग

श्रीगंगानगर । वार्ड नं. 08 (नया 12) के निवर्तमान पार्षद बन्टी वाल्मीकि के नेतृत्व शिष्टमण्डल ने विधायक जयदीप बिहाणी के प्रतिनिधि मधुसूदन बिहाणी को ज्ञापन सौंपकर पटाखा फैक्ट्री रोड़, मियों की ढाणी रोड़ की जर्जर स्थिति एवं क्षतिग्रस्त पुलिया का तत्काल पुनर्निर्माण करवाने की मांग की है।

बन्टी वाल्मीकि ने बताया कि मियों की ढाणी से लेकर पटाखा फैक्ट्री रोड से होती हुई राकेश टाक की दुकान तक की सड़क गंदे पानी की निकासी हेतु पाइपलाइन डालने के दौरान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। संबंधित ठेकेदार द्वारा मुख्य सड़क पर स्थित पुलिया को भी पूरी तरह उखाड़ दिया गया, जिसके कारण आमजन का आवागमन अत्यंत कठिन एवं जोखिमपूर्ण हो गया है। वर्तमान में स्थिति यह है कि इस मार्ग से पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है तथा दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बन्टी वाल्मीकि ने कहा कि यह मार्ग लगभग 24 गांवों को श्रीगंगानगर शहर से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। सैकड़ों छात्र छात्राएं इसी मार्ग से विद्यालय एवं महाविद्यालय पहुंचते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है तथा कई बार वाहन चालक फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।

बन्टी वाल्मीकि ने बताया कि पिछले लगभग छह माह से सड़क एवं पुलिया की यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन नगर परिषद प्रशासन एवं पाइपलाइन कार्य करने वाले ठेकेदार द्वारा अब तक इसके पुनर्निर्माण की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जनहित से जुड़े इस गंभीर विषय की लगातार अनदेखी किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है। बंटी वाल्मीकि ने विधायक जयदीप बिहाणी के प्रतिनिधि मधुसूदन बिहाणी से मांग की है कि आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से उक्त सड़क का पुनर्निर्माण करवाया जाए तथा क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करवाया जाए, ताकि हजारों लोगों को हो रही परेशानी से राहत मिल सके। इस दौरान अल्लादित्ता, जुनेज खा, अशोक सुमाली, अनिल सारवान, सुनील घुसर, विजय द्रविड़, अल्लारखा आदि उपस्थित रहे।
 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.