वर्षों का इंतजार हुआ खत्म, ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप ने दिलाया अपने घर का अधिकार

( 698 बार पढ़ी गयी)
Published on : 28 Jul, 26 11:07

वर्षों का इंतजार हुआ खत्म, ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप ने दिलाया अपने घर का अधिकार

आवासीय पट्टा मिलने से आम्बा राम के सपनों को मिली नई उड़ान, जताया राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार

जैसलमेर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच और जिला प्रशासन के प्रभावी प्रयासों से ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप अभियान जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशियों की नई इबारत लिख रहा है। पंचायत समिति मोहनगढ़ की ग्राम पंचायत काठोड़ी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप के दौरान एक परिवार का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ।

ग्राम पंचायत काठोड़ी निवासी आम्बा राम पुत्र मदा राम मेघवाल को उपखंड अधिकारी जैसलमेर राम लाल मीणा ने आवासीय पट्टा प्रदान किया। पट्टा प्राप्त होते ही आम्बा राम के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अपने भूखंड पर वैधानिक अधिकार मिलने का इंतजार था, जो अब पूरा हो गया है। अब वे अपने परिवार के लिए पक्का घर बनाने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

आम्बा राम ने भावुक होकर राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप जैसे अभियान वास्तव में आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से वर्षों से लंबित कार्यों का त्वरित समाधान हो रहा है और पात्र लोगों को बिना किसी परेशानी के उनके अधिकार मिल रहे हैं।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचाना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे।

शिविर प्रभारी एवं अतिरिक्त विकास अधिकारी मोहनगढ़ हरि राम, ग्राम विकास अधिकारी भूरा राम सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आवासीय पट्टा वितरित किया गया।

शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों के जीवन में आशा, विश्वास और विकास की नई रोशनी लेकर आ रहे हैं एवं प्रशासन गांवों के संग की भावना को वास्तविक रूप दे रहे हैं।

 

साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.