उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर में डॉ. (श्रीमती) प्रकाश पंवार ने निदेशक, आवासीय निर्देशन निदेशालय का पदभार ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व डॉ. पंवार अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, भीलवाड़ा के पद पर अपनी सेवाएँ दे चुकी हैं। शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रशासन के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनसे नए दायित्व में भी महत्वपूर्ण योगदान की अपेक्षा व्यक्त की है।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत डॉ. पंवार ने कहा कि उनके कार्यकाल में विद्यार्थियों के समग्र शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ शोध संस्कृति को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को लेखों एवं शोध-पत्रों के माध्यम से अपने शोध कार्य का प्रभावी दस्तावेज़ीकरण एवं व्यापक प्रसार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु समय-समय पर कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं सेमिनारों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को शोध लेखन, वैज्ञानिक प्रकाशन, शोध-पत्र तैयार करने तथा प्रभावी प्रस्तुतीकरण का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों में अनुसंधान की गुणवत्ता तथा वैज्ञानिक लेखन कौशल का विकास होगा और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने शोध कार्य को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में सक्षम बन सकेंगे।
विश्वविद्यालय परिवार ने डॉ. (श्रीमती) प्रकाश पंवार को नवीन दायित्व ग्रहण करने पर शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल एवं नवाचारपूर्ण कार्यकाल की कामना की।