उदयपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को प्रदेशभर में शिक्षा, सशक्तिकरण और विद्यार्थियों के समग्र विकास को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। भरतपुर जिले के खेड़ली गुर्जर में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की गरिमामय उपस्थिति में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित हुआ, जहां से प्रदेश के विद्यार्थियों के हित में अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं एवं पहलों का लोकार्पण-शिलान्यास एवं शुभारंभ हुआ।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर के राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को गणवेश के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि का भी भुगतान किया गया। साथ ही विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से ‘पढ़ो राजस्थान मिशन’ का भी विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने विभिन्न जिलों के विद्यार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद भी किया।
सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरतंर प्रयासरत- विधायक जैन
शहर में नगर निगम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान राज्य स्तरीय समारोह का एलईडी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण हुआ। इस अवसर पर उदयपुर विधायक ताराचंद जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभा कभी भी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरकारी विद्यालयों के शैक्षणिक उन्नयन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और समान अवसर उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपनी प्रतिभा के बल पर जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकें।
समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़ ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु स्वयं भी जलता है और दूसरों के जीवन में भी ज्ञान का प्रकाश फैलाता है। गुरु के बिना ज्ञान अधूरा है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय संस्कारों की श्रेष्ठ पाठशाला हैं तथा गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय संस्कृति की महान धरोहर है, जिसे सदैव सहेजकर आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन रणवीर सिंह राणावत ने किया। इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र यादव, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) दीपक गौड़, एडीपीसी समसा कुंज बिहारी भारद्वाज सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।